Patna News : राजधानी पटना के शास्त्री नगर स्थित एलएनजेपी हड्डी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में पिछले दो दिनों के भीतर तीन बार फॉल्स सीलिंग गिरने की घटना सामने आयी है. संयोगवश सभी घटनाओं में इलाज कर रहे डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और मरीज बाल-बाल बच गये. लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद ट्रॉमा सेंटर में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है.
अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग और बीएमएसआईसीएल (बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड) को दे दी है. संबंधित स्थानों की तस्वीरें और पूरी रिपोर्ट भी भेजी गयी है. इसके बावजूद अब तक मरम्मत या अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू नहीं की गयी है.
29 जुलाई की शाम भी गिरा था
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 29 जुलाई की शाम ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर अचानक फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा गिर गया. राहत की बात यह रही कि उस समय कोई इसकी चपेट में नहीं आया. इसके अगले दिन 30 जुलाई को दो अलग-अलग स्थानों पर फिर फॉल्स सीलिंग गिर गयी. लगातार हो रही घटनाओं से ट्रॉमा सेंटर के अन्य हिस्सों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गये हैं.
पांच साल पहले शुरू हुआ था ट्रॉमा सेंटर
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन दिसंबर 2021 में किया गया था. इसका निर्माण गंभीर रूप से घायल और सड़क दुर्घटना के मरीजों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था. यहां अधिकांश मरीज गंभीर अवस्था में भर्ती रहते हैं. ऐसे में फॉल्स सीलिंग गिरने की घटनाओं ने मरीजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
मरम्मत कराने की मांग
मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि यदि किसी बेड के ऊपर फॉल्स सीलिंग गिर गयी तो बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने अस्पताल प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार, भवन के निर्माण के बाद अब तक इसकी कोई बड़ी मरम्मत नहीं हुई है, जिसके कारण कई स्थानों पर भवन की स्थिति जर्जर होती जा रही है.
