Consumer Goods Rate Increase : पटना. देश में बढ़ती महंगाई का असर अब सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ने वाला है. बिस्किट, साबुन, तेल और अन्य रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजें जल्द महंगी हो सकती हैं. कंपनियां लागत बढ़ने के दबाव में कीमत बढ़ाने के साथ-साथ पैकेट का वजन कम करने की तैयारी भी कर रही हैं, यानी आम लोगों को एक ही सामान के लिए ज्यादा पैसा देना पड़ेगा या फिर उतने ही पैसे में कम मात्रा मिलेगी, जिससे उपभोक्ताओं पर दोहरी मार पड़ने की आशंका है.
लागत बढ़ने से कंपनियां परेशान
जानकारी के मुताबिक एफएमसीजी सेक्टर से जुड़ी कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल की कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है. खासकर खाद्य तेल, गेहूं, शुगर और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की लागत तेजी से बढ़ी है. कंपनियां अब तक अपने मुनाफे को कम करके किसी तरह कीमतों को स्थिर रखे हुए थीं, लेकिन अब यह संभव नहीं हो पा रहा है. ऐसे में दाम बढ़ाना या पैकिंग में कटौती करना ही उनके पास विकल्प बचा है.
Patna News : छोटे पैकेट पर सबसे ज्यादा असर
₹5 से ₹10 वाले छोटे पैकेट, जिन्हें आमतौर पर गांव और निम्न आय वर्ग के लोग ज्यादा खरीदते हैं, उन पर सबसे ज्यादा असर पड़ने वाला है. कंपनियां इन पैकेट्स का वजन कम कर सकती हैं, ताकि कीमत तुरंत न बढ़ानी पड़े.
हालांकि इसका मतलब यह होगा कि ग्राहक को पहले जितने पैसे में कम सामान मिलेगा. यानी कीमत भले न बढ़े, लेकिन मात्रा घटने से असली महंगाई महसूस होगी.
क्यों बढ़ रही है महंगाई
विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव, वैश्विक बाजार में अस्थिरता और सप्लाई चेन में आई दिक्कतों की वजह से लागत लगातार बढ़ रही है. इसके अलावा पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक और अन्य मटेरियल भी महंगे हो गए हैं, जिससे कंपनियों का खर्च और बढ़ गया है.
किन-किन चीजों के बढ़ेंगे दाम
रिपोर्ट के अनुसार जिन उत्पादों पर असर पड़ सकता है, उनमें बिस्किट, ब्रेड, साबुन, शैंपू, डिटर्जेंट, खाद्य तेल और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं.
यह भी पढ़े---पटना: MLA बनने के बाद इस आवास में रहेंगे प्रशांत किशोर, जानिए किसके बने पड़ोसी
कंपनियां या तो इनकी कीमत बढ़ाएंगी या फिर पैकेट का साइज छोटा करेंगी. कुछ मामलों में दोनों कदम भी उठाए जा सकते हैं.
उपभोक्ताओं पर दोहरी मार
इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा. पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे लोगों को अब रोजमर्रा की चीजों के लिए ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है.
विशेष रूप से ग्रामीण और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए यह स्थिति और मुश्किल भरी हो सकती है, क्योंकि उनकी आय सीमित होती है और खर्च बढ़ता जा रहा है.
आगे और बढ़ सकती है कीमतें
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कच्चे माल की कीमतों में कमी नहीं आई, तो आने वाले समय में महंगाई और बढ़ सकती है.
ऐसे में उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में और ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत होगी, क्योंकि रोजमर्रा की छोटी-छोटी चीजें भी अब बजट पर भारी पड़ सकती हैं.
Also Read : पटना सिटी में 290 मकानों पर बुलडोजर एक्शन के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, बोले- ‘जिसे जिताया, वही गर्दन काट रहा’
