पोषण माह के तहत स्कूली बच्चों को जंक फूड के नुकसान की दी जायेगी जानकारी

सरकारी स्कूलों में राष्ट्रीय पोषण माह अभियान की शुरुआत कर दी गयी है. इस अभियान में स्कूली बच्चों को जंक फूड के नुकसान से अवगत कराया जायेगा.

संवाददाता, पटना

सरकारी स्कूलों में राष्ट्रीय पोषण माह अभियान की शुरुआत कर दी गयी है. इस अभियान में स्कूली बच्चों को जंक फूड के नुकसान से अवगत कराया जायेगा. इसके साथ ही बच्चों को मोटे अनाज खाने के फायदे और इसे दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी जायेगी. साथ ही चीनी और अधिक तेल वाले खाद्य पदार्थ से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है. मध्याह्न भोजन योजना निदेशालय (शिक्षा विभाग) को इस संबंध में जिला शिक्षा कार्यालय को अभियान चलाने का निर्देश दिया है. यह अभियान आगामी 16 अक्तूबर तक चलाया जायेगा. जिला शिक्षा कार्यालय ने सभी जिले के सभी स्कूलों व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को इस अभियान के तहत तिथिवार विभिन्न गतिविधि आयोजित करने का निर्देश दिया है. मंगलवार को स्थानीय उत्पादों, खिलौनों, पोषक खाद्य पदार्थों के उपयोग पर जागरूकता गतिविधि आयोजित की जायेगी.

शिक्षक करेंगे स्थानीय खिलौने का निर्माण

एक माह तक चलने वाले अभियान में विद्यालय के शिक्षक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अनुपयोगी वस्तुओं से खिलौने का निर्माण करेंगे. इसके साथ ही साफ-सफाई व स्वच्छता पर जागरूकता सत्र का आयोजन होगा. सिंगल यूज प्लास्टिक में कमी व कचरा प्रबंधन पर चर्चा होगी. बच्चों के साथ संयुक्त खेल दिवस का भी आयोजन किया जायेगा, जिसमें विभिन्न स्पोर्ट्स और शारीरिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जायेगा.

पारंपरिक स्वस्थ व्यंजनों पर रहेगा जोर

इस अभियान के तहत पारंपरिक स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों के बारे में बताया जायेगा. स्थानीय व्यंजन में बाजरा, रागी (महुआ), फल, सब्जियां आदि के प्रयोग के लिए स्कूलों में जागरूकता सत्र का आयोजन होगा. इस दौरान कुपोषित बच्चों के भूख का परीक्षण किया जायेगा. स्कूली बच्चों की बुद्धि की जांच की जायेगी. इस पूरे अभियान में शिक्षा विभाग के अलावा स्वास्थ्य विभाग भी सहयोग करेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMBER MD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >