पटना से मोनु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Bihta murder case : पटना के बिहटा थाना पुलिस ने महिला हत्या मामले में लंबे समय से फरार चल रहे नामजद आरोपी को आधी रात छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रानीतालाब थाना क्षेत्र के इकबालगंज गांव में कार्रवाई की. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.
Bihta murder case: महिला हत्या मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
बिहटा थाना पुलिस ने महिला हत्या मामले में फरार चल रहे आरोपी घनश्याम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने सोमवार देर रात विशेष छापेमारी अभियान चलाकर उसे रानीतालाब थाना क्षेत्र के इकबालगंज गांव स्थित उसके घर से दबोच लिया.
मार्च 2025 में दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, मार्च 2025 में बिहटा थाना में हरेंद्र नामक युवक ने अपनी बहन सुलेखा देवी की हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसी मामले में घनश्याम सिंह नामजद आरोपी था और घटना के बाद से फरार चल रहा था.
पटना की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई
बिहटा थाना पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने घर पहुंचा है. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने देर रात विशेष अभियान चलाया. रात करीब 1:30 बजे पुलिस ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया.
पहले भी कई आरोपी जा चुके हैं जेल
पुलिस ने बताया कि इस हत्या मामले में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. घनश्याम सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि हत्या मामले की अनुसंधान प्रक्रिया अभी जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: पटना के सरकारी स्कूलों में कल अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, ये होंगे प्रमुख मुद्दे
