Patna Postal service: भारतीय डाक विभाग, बिहार परिमंडल के आरएमएस पीटी डिवीजन, पटना की ओर से शुक्रवार को इंटर स्टेट लॉजिस्टिक्स सेवा का शुभारंभ किया गया. इस नई सेवा का उद्घाटन बिहार सर्किल की निदेशक डाक सेवाएं (मुख्यालय) प्रियंका जैन ने हरी झंडी दिखाकर किया. डाक विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस सेवा के शुरू होने से बिहार और देश के विभिन्न राज्यों के बीच मेल एवं पार्सलों का परिवहन अधिक तेज, समयबद्ध और विश्वसनीय हो सकेगा.
व्यापार और ई-कॉमर्स को मिलेगी गति
डाक विभाग ने बताया कि इंटर स्टेट लॉजिस्टिक्स सेवा विशेष रूप से व्यवसायों, उद्योगों और ई-कॉमर्स संस्थानों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी. नई व्यवस्था के तहत ग्राहक अपने मेल और पार्सल को कम समय में, किफायती दरों पर और अधिक दक्षता के साथ देश के किसी भी राज्य में भेज सकेंगे. इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ-साथ लॉजिस्टिक्स नेटवर्क भी मजबूत होगा.
डाक सेवाओं को मिलेगा नया विस्तार
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि यह सेवा बिहार परिमंडल में डाक और लॉजिस्टिक्स सेवाओं को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इससे न केवल कारोबारी वर्ग को लाभ मिलेगा, बल्कि आम ग्राहकों को भी तेज और सस्ती डाक सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
शुभारंभ कार्यक्रम में राजदेव प्रसाद, वरीय अधीक्षक आरएमएस पीटी डिवीजन, मनीष कुमार, अधीक्षक पटना मंडल, रंजय कुमार सिंह, मुख्य डाकपाल पटना जीपीओ, अशोक प्रसाद, सहायक निदेशक (मेल्स) सहित डाक विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा अनिल कुमार, अधीक्षक पटना साहिब मंडल, संध्या कुमारी, सहायक अधीक्षक आरएमएस (मुख्यालय), शंभू सिंह, वरिष्ठ आरएमएस (सॉर्टिंग), भगवान गोंड शाह समेत बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और आम लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इंटर स्टेट लॉजिस्टिक्स सेवा शुरू होने से बिहार में डाक सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में सुधार होगा तथा ग्राहकों को बेहतर अनुभव मिलेगा.
