Bihar IPS Transfer List: बिहार में तबादलों का सिलसिला लगातार जारी है. जुलाई की शुरुआत के साथ ही राज्य सरकार ने बिहार पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. कई वरिष्ठ और युवा आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है. सरकार का कहना है कि बदलते अपराध के स्वरूप और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए यह फैसला लिया गया है.
नई अधिसूचना के तहत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. इस तबादले में सबसे ज्यादा चर्चा पंकज दराद की हो रही है. उनके पास अपर पुलिस महानिदेशक, SVU का अतिरिक्त प्रभार था. रिशु श्री मामले की वही मॉनिटरिंग कर रहे थे. इसी बीच उनका ट्रांसफर कर दिया गया है.
इन वरिष्ठ IPS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
- 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीता वर्मा को बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम से हटाकर गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार का महानिदेशक बनाया गया है.
- 1994 बैच के निर्मल कुमार आजाद अपने मौजूदा पद के साथ अब पुलिस महानिदेशक, मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे.
- 1995 बैच के पंकज कुमार दाराद को आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) तथा अतिरिक्त प्रभार अपर पुलिस महानिदेशक विशेष निगरानी इकाई से बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम का अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक बनाया गया है.
कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक विंग में भी बदलाव
- 1996 बैच के सुधांशु कुमार अब अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) के पद पर कार्य करेंगे. उनके पास विशेष निगरानी इकाई का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा.
- 1998 बैच के अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई से हटाकर आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है.
- वहीं कासे सुहिता अनुपम को अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) बनाया गया है. उनके पास अपराध अनुसंधान विभाग के कमजोर वर्ग प्रकोष्ठ का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा.
IG स्तर पर भी कई बदलाव
- 2003 बैच के राजेश कुमार को बिहार मानवाधिकार आयोग से हटाकर एससीआरबी (SCRB) का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है.
- 2006 बैच के पंकज कुमार राज अब पुलिस महानिरीक्षक (रेलवे) के पद पर कार्य करेंगे.
- इसी बैच की एस. प्रेमलथा को मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो से बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
युवा अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
- 2022 बैच की आईपीएस अधिकारी गरीमा को कहलगांव (भागलपुर) से बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर का समादेष्टा बनाया गया है.
- 2022 बैच के शिवम धाकड़ को दानापुर से मधुबनी का ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (SP Rural) नियुक्त किया गया है.
- 2023 बैच की आईपीएस अधिकारी कोमल मीणा को मसौढ़ी से पटना में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-II (विधि-व्यवस्था) बनाया गया है.
अपराध नियंत्रण को लेकर सरकार की तैयारी
सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस व्यवस्था और मजबूत होगी. बदलते अपराध के तरीकों से निपटने, कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. आने वाले दिनों में इन बदलावों का असर पुलिसिंग व्यवस्था में देखने को मिल सकता है.
