2030 तक विकसित राज्यों की लिस्ट में होगा शामिल बिहार, वित्त मंत्री ने किया दावा

Bihar: बिहार के वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने विपक्ष के खजाना खाली होने के दावों को नकारते हुए कहा है कि राज्य की वित्तीय स्थिति बेहद मजबूत है. उन्होंने कहा कि 2030 तक बिहार देश के विकसित राज्यों की कटेगरी में होगा और विकास के कामों के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है.

Bihar: वित्त मंत्री विजेंद्र यादव ने कहा है कि बिहार अब पिछड़ा नहीं रहेगा और साल 2030 तक यह देश के सबसे विकसित राज्यों की कतार में खड़ा होगा. मंत्री ने विपक्ष के उन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया जिनमें कहा जा रहा था कि बिहार सरकार का खजाना खाली हो चुका है.

विजेंद्र यादव ने आंकड़ों के जरिए अपनी बात रखते हुए बताया कि साल 2005 में जब उनकी सरकार आई थी, तब बिहार का कुल बजट महज 23885 करोड़ रुपये था और आज 3.47 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो चुका है. यह इस बात का सबूत है कि राज्य की अर्थव्यवस्था न केवल बढ़ रही है, बल्कि बहुत मजबूत स्थिति में भी है.

विपक्ष पर पलटवार

वित्त मंत्री ने राजकोषीय घाटे (Fiscal Deficit) को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर भी हैरानी जताई. उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार का घाटा निर्धारित 3% की सीमा के भीतर है, जबकि विपक्ष इसे 18% बताकर जनता को डराने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि हर साल बजट सत्र के दौरान विपक्ष ऐसी बातें करता है, जो बाद में झूठी साबित होती हैं.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

मिशन मोड में काम कर रही सरकार

सरकार का पूरा ध्यान फिलहाल शिक्षा, स्वास्थ्य, खेती, रोजगार और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने पर है. मंत्री ने कहा कि सभी सरकारी योजनाओं के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है और इन्हें तय समय पर पूरा किया जा रहा है. सरकार मिशन मोड में काम कर रही है इसी का नतीजा है कि बिहार आज तेजी से प्रगति कर रहा है और इसका असर आने वाले कुछ सालों में पूरी दुनिया के सामने होगा.

इसे भी पढ़ें: सुल्तानगंज का नाम बदलने की तैयारी तेज, अब अजगैबीनाथ धाम के नाम से जाना जाएगा शहर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >