Patna: पटना के मीठापुर इलाके में बन रही बिहार इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है. भवन निर्माण विभाग के अनुसार यूनिवर्सिटी का अधिकतर काम पूरा हो गया है और फिलहाल फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है. विभाग का दावा है कि यह यूनिवर्सिटी अप्रैल महीने तक पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी. इसके बनने से बिहार की तकनीकी शिक्षा को नई दिशा मिलेगी.
छात्रों को मिलेगी सभी सुविधाएं
करीब पांच एकड़ जमीन पर बनाई जा रही इस यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए सरकार ने 66.92 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. यूनिवर्सिटी का भवन बहुमंजिला होगा. इसे आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. इसमें छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए जरूरी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
कुछ जानकारी आई सामने
मेन बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर डीन ऑफिस, रजिस्ट्रार ऑफिस, फाइनेंस सेक्शन, स्टोर रूम, कैफेटेरिया और डबल हाइट एंट्री एरिया बनाया गया है. पहले फ्लोर पर मीटिंग हॉल, कुलपति का ऑफिस और इवैल्यूएशन सेंटर होगा. दूसरे और तीसरे तल पर कई कार्यालय कक्ष, स्टोर रूम, स्कैनिंग रूम और रिकॉर्ड रूम बनाए गए हैं.
चौथे फ्लोर पर एक और इवैल्यूएशन सेंटर, बड़े हॉल, गेस्ट हाउस और केयरटेकर के रहने की व्यवस्था की गई है. भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि यह यूनिवर्सिटी आधुनिक तकनीक से लैस होगी.
इसे भी पढ़ें: पटना-हाजीपुर वालों की बल्ले-बल्ले, 60% पूरा हुआ नए ब्रिज का काम, अब सफर होगा सुपरफास्ट
