Bihar Assembly Monsoon Session: बिहार विधानसभा के मॉनसून सत्र का आज दूसरा दिन है. मंगलवार को विपक्ष के नेता हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर पहुंचे थे. सरकार के खिलाफ उन्होंने जमकर नारे लगाए. इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए आरजेडी नेता कुमार सर्वजीत ने सरकार पर तंज कसा. साथ ही स्कूलों में छात्र-छात्राओं को दी जाने वाली व्यवस्थाओं को उजागर किया.
आरजेडी नेता ने क्या-क्या कहा?
आरजेडी नेता कुमार सर्वजीत मॉडल स्कूलों को भगवा रंग से रंगे जाने पर भड़के. उन्होंने कहा, 48 हजार स्कूलों में टॉयलेट नहीं है. टॉयलेट नहीं होने की वजह से 10 प्रतिशत बेटियां स्कूल छोड़ रही हैं. इसकी चिंता उन्हें नहीं है. लेकिन बिल्डिंग को भगवा रंग से रंग देंगे, इसकी चिंता है. साथ ही इस दौरान उन्होंने स्कूलों में छात्र-छात्राओं के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने का दावा किया. आरजेडी नेता इस दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी पर भड़के.
सीएम सम्राट ने किया ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 551 मॉडल स्कूलों को भगवा रंग में रंगने का ऐलान किया था. साथ ही स्कूल का नाम बदलकर 'सरस्वती विद्या निकेतन' कर दिया गया. रविवार को ही सीएम सम्राट चौधरी ने 551 सरस्वती विद्या निकेतन का उद्घाटन किया था. उस वक्त सीएम ने कहा था, शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती है और बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन लाने के लिए लगातार काम कर रही है.
प्राइवेट स्कूल की तरह मिलेगी सुविधा
उन्होंने यह भी कहा था कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा शिक्षण वातावरण तैयार करना है, जहां हर एक बच्चे को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित और संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध हो. अब सरकारी स्कूलों में भी प्राइवेट स्कूलों के समान गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को भी समान अवसर प्राप्त हो सके.
पढ़ेंगे 4 लाख बच्चे
जानकारी के मुताबिक, 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) खोले जा रहे हैं. इसमें 4 लाख बच्चे पढ़ेंगे. सीएम सम्राट ने कहा था, मॉडल स्कूल बच्चों के बेहतर भविष्य का मजबूत आधार बनेगा. यह केवल नए विद्यालय नहीं हैं, बल्कि बिहार की नई शिक्षा नीति और विकसित बिहार के संकल्प के मजबूत आधार हैं. इन विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास होगा.
