Bihar Accident News: पटना से सटे दानापुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के मठियापुर में मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई. डायल 112 की गश्ती गाड़ी ने एक स्कूली छात्र को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया.
घायल छात्र की पहचान
घायल छात्र की पहचान मठियापुर निवासी सत्येंद्र कुमार के पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है. वह ताराचक स्थित ओमेगा मिशन स्कूल में कक्षा एक का छात्र है. हादसे के समय वह स्कूल से छुट्टी होने के बाद पैदल अपने घर लौट रहा था.
चाचा ने सुनाई पूरी घटना
घायल छात्र के चाचा पप्पू यादव ने बताया कि हिमांशु जैसे ही मठियापुर ठाकुर मोड़ के पास पहुंचा, तभी डायल 112 की गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर के बाद छात्र सड़क पर गिरकर घायल हो गया. उन्होंने आरोप लगाया कि गाड़ी चालक ने मानवीय संवेदना दिखाने के बजाय घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाने की जगह वहां से भागना ही उचित समझा.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल छात्र को उठाया और इलाज के लिए दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया. फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है.
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद लोगों में नाराजगी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि डायल 112 टीम का काम लोगों की मदद करना है, लेकिन इस तरह की लापरवाही से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर संबंधित गाड़ी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
