Patna News (आनंद सिंह कौशिक): बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना सोमवार को एएन कॉलेज परिसर में सुबह आठ बजे से शुरू होगी. मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने सुबह पांच बजे से मतगणना समाप्त होने तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है. इस दौरान एएन कॉलेज और आसपास के कई मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
इन रास्तों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद
यातायात व्यवस्था के तहत बोरिंग रोड चौराहा से एएन कॉलेज, मोहिनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग तथा पानी टंकी मोड़ से एएन कॉलेज की ओर सामान्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी.
वहीं, राजापुर पुल से हड़ताली चौक और बेली बोरिंग रोड क्रॉसिंग तक व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. पाटलिपुत्र गोलंबर से एएन कॉलेज और पानी टंकी की ओर भी व्यावसायिक वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा. शिवपुरी रेलवे क्रॉसिंग से दुर्गा मंदिर मोड़ (एएन कॉलेज) तक का मार्ग भी सामान्य यातायात के लिए बंद रहेगा.
मतगणना अभिकर्ताओं के वाहनों के लिए यहां होगी पार्किंग
मतगणना अभिकर्ताओं के वाहन बेली रोड, हड़ताली चौक और अटल पथ होते हुए एएन कॉलेज के पीछे तक जाएंगे. यहां वाहनों की पार्किंग की सुविधा रहेगी.
कुर्जी मोड़ और पाटलिपुत्र गोलंबर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सहयोग अस्पताल के पास खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गयी है.
अभ्यर्थियों के वाहनों के लिए भी तय किया गया रूट
अभ्यर्थियों के वाहन बेली रोड से बोरिंग रोड होते हुए आने पर तपस्या मोड़ तक ही जा सकेंगे. वहीं, कुर्जी-पाटलिपुत्र की ओर से आने वाले अभ्यर्थियों के वाहन पानी टंकी मोड़ तक ही जा सकेंगे.
Also Read: पटना नगर निगम के हड़ताली कर्मियों पर FIR, मारपीट और गालीगलौज का आरोप
