Amit Shah: सांसद पप्पू यादव के गढ़ पूर्णिया में गृह मंत्री अमित शाह के आने से पहले विशेष तैयारी की गई है. पूर्णिया एयरपोर्ट और इसके आस-पास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर भारी पुलिस बल तैनात किए गए हैं. इसके साथ ही कार्यक्रम वाली जगह से लगभग 100 मीटर की दूरी तक पैनी नजर रखी जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सीनियर ऑफिसर्स को भी तैनात किया गया है. एक दिन पहले ही कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया गया था.
इन्हें भी अलर्ट रहने का मिला आदेश
आज से 27 जनवरी तक अमित शाह अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में रहेंगे. सीमांचल इलाके में तीन दिन के दौरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों को भी इमरजेंसी रिस्पॉन्स के लिए एक्टिव रहने का आदेश दिया गया है. साथ ही एंबुलेंस, मेडिकल टीम और ट्रॉमा सपोर्ट समेत बाकी के इंतजाम को भी पुख्ता रखने का आदेश दिया गया है. इस तरह से सुरक्षा को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
बिहार में गृह मंत्री का पूरा शेड्यूल
गृह मंत्री अमित शाह 25 फरवरी को विशेष विमान से दोपहर बाद करीब पूर्णिया के चूनापुर स्थित सैन्य हवाई अड्डे पर उतरेंगे. इसके बाद पूर्णिया से सेना के हेलीकॉप्टर से शाम साढ़े चार बजे किशनगंज पहुंचेंगे. इसके बाद दो घंटे तक बैठक होगी. इनमें जिला प्रशासन, एसएसबी और बीएसएफ के अधिकारी शामिल होंगे. इसके बाद रात में अमित शाह एमजीएम मेडिकल कॉलेज में ठहरेंगे.
अगले दिन वे अररिया के सीमा चौकी लेट्टी जायेंगे. दोपहर भोजन के बाद भारत-नेपाल संबंधी मुद्दों पर सात सीमावर्ती जिलों के डीएम-एसपी के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद अररिया में ‘वाइब्रेट विलेजेस प्रोग्राम’ के तहत सीमावर्ती गावों में बुनियादी ढांचा मजबूत करने और वहां से लोगों के पलायन को रोकने के लिए विशेष योजनाओं की समीक्षा करेंगे.
जानकारी के मुताबिक, शाम तक वे पूर्णिया पहुंच जायेंगे. यहां वह एक होटल में ठहरेंगे. तीसरे दिन पूर्णिया में भारत-नेपाल संबंधी अलग-अलग विषयों पर हाई लेवल बैठक करेंगे. उसी दिन चार बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे. इस तरह से अमित शाह का बिहार दौरा सामरिक नजरिए (Strategic Vision) से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
Also Read: पुनारख-किऊल तीसरी-चौथी रेल लाइन कब तक होगी तैयार? 2668 करोड़ का है प्रोजेक्ट
