दूसरी बार बीआरसी बना चैंपियन

पटना : बीआरसी दानापुर ने राज मिल्क को 1-0 से पराजित कर पटना जिला सीनियर डिवीजन फुटबॉल लीग का खिताब जीत लिया. बीआरसी ने यह खिताब 2015-16 में संजय गांधी स्टेडियम गर्दनीबाग में खेले गये फाइनल में राज मिल्क को ही 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था. यह इसका दूसरा खिताब […]

पटना : बीआरसी दानापुर ने राज मिल्क को 1-0 से पराजित कर पटना जिला सीनियर डिवीजन फुटबॉल लीग का खिताब जीत लिया. बीआरसी ने यह खिताब 2015-16 में संजय गांधी स्टेडियम गर्दनीबाग में खेले गये फाइनल में राज मिल्क को ही 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था.

यह इसका दूसरा खिताब है. गांधी मैदान के पूर्वी छोर पर पटना फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित इस लीग के फाइनल में विजेता की ओर से गोल खेल के 80वें मिनट में रेजिमेंट सेंटर दानापुर के स्ट्राइकर दुखी राम टुड्डू ने दागा.
पूरे मैच के दौरान बीआरसी के स्टार खिलाड़ी गुलशन को राज मिल्क ने मार्क किये रखा, जिससे उनका जादू नहीं चल सका. दोनों टीमें चौकन्ना होकर खेलीं. फिर भी रेफरी की निगाह से राज मिल्क के दो खिलाड़ी बच नहीं पाये.
राज मिल्क के डिफेंडर मो नादिर परवेज को 47वें मिनट और 55वें मिनट में उन्होंने पीला कार्ड दिखाया. दो पीला कार्ड लाल में बदल जाने के कारण नादिर को मैदान से बाहर जाना पड़ा. इससे पहले चौथे मिनट में ही राज मिल्क के डिफेंडर मो सरफराज को भी पीला कार्ड दिखाया गया था. तीन पीला कार्ड के बाद राज मिल्क की टीम पर दबाव बढ़ गया.
दूसरे हाफ के खेल में गोलकीपरों ने अच्छा बचाव किया. 80वें मिनट में दुखीराम टुड्डू ने बीआरसी के लिए गोल कर दिया. गोल होते बीआरसी की टीम झूमने लगी. शेष समय तक बीआरसी ने अपनी बढ़त को कायम रखते हुए लीग की चैंपियन बन गयी. अरबिंद कुमार, हरेंद्र कुमार यादव और अमरजीत कुमार सहायक रेफरी थे.
विजेता व उपविजेता टीमों को बिहार फुटबॉल संघ के सचिव सैयद इम्तियाज हुसैन ने पुरस्कृत किया. फाइनल मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी दुखीराम टुड्डू को और लीग में सबसे अधिक 10 गोल दागने वाले जीएसी के रजत मंडल को बेस्ट स्कोरर का पुरस्कार दिया गया. अतिथियों का स्वागत पटना फुटबॉल संघ के सचिव ज्वाला प्रसाद सिन्हा व धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने किया.
इस अवसर पर पीएफए के उपाध्यक्ष श्याम बाबू यादव, अलाउद्दीन अंसारी, संयुक्त सचिव गोपीनाथ दत्ता, मनोज कुमार, कार्यकारिणी सदस्य सुनील कुमार, सूर्यकांत शुक्ला, नौशाद आलम के अलावे भारी संख्या में फुटबॉल प्रेमी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >