महापर्व छठ पूजा के बाद अब लौटने की मारामारी, आज से ज्यादा भीड़ बढ़ने की है संभावना

नियमित ट्रेनों में दिखी यात्रियों की भीड़, खाली रवाना हुई स्पेशल ट्रेन पटना : महापर्व छठ पूजा रविवार की सुबह खत्म होते ही लोग अपने-अपने गंतव्य की ओर लौटना शुरू कर दिये. खासकर, दिल्ली जाने वाले लोगों की भीड़ जंक्शन पर सबसे अधिक दिखी. सुबह 10:30 बजे जंक्शन से रवाना शुरू श्रमजीवी एक्सप्रेस में यात्रियों […]

नियमित ट्रेनों में दिखी यात्रियों की भीड़, खाली रवाना हुई स्पेशल ट्रेन
पटना : महापर्व छठ पूजा रविवार की सुबह खत्म होते ही लोग अपने-अपने गंतव्य की ओर लौटना शुरू कर दिये. खासकर, दिल्ली जाने वाले लोगों की भीड़ जंक्शन पर सबसे अधिक दिखी.
सुबह 10:30 बजे जंक्शन से रवाना शुरू श्रमजीवी एक्सप्रेस में यात्रियों की सामान्य भीड़ थी. वहीं, शाम में भागलपुर से पटना होते हुए दिल्ली जाने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस व राजेंद्र नगर से दिल्ली जाने वाली संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ काफी दिखी. दोनों ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची, तो डिब्बे में चढ़ने को लेकर यात्रियों के बीच मारामारी की स्थिति बनी हुई थी. वहीं, इंदौर, पंजाब, कोटा और अन्य शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में सामान्य से भी कम भीड़ दिखी.
चार बजे से ही प्लेटफॉर्म पर थे अधिक यात्री : पटना जंक्शन से विक्रमशिला 4:50 बजे और संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस शाम 5:50 बजे दिल्ली के लिए रवाना होती है. इन दोनों ट्रेनों के यात्री चार बजे से ही पटना जंक्शन पहुंचने लगे थे. इससे प्लेटफॉर्म-एक खाली था और प्लेटफॉर्म संख्या चार-पांच पर यात्रियों की भीड़ लगी थी. विक्रमशिला एक्सप्रेस व संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस में भीड़ बढ़ने की वजह से आरक्षण टिकट लिये यात्रियों को सीट तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था. इसका वजह था कि बड़ी संख्या में जनरल टिकट लिये यात्री स्लीपर डिब्बे में सवार हो गये थे.
स्पेशल ट्रेनों में नहीं दिखे अधिक यात्री
रविवार को पटना जंक्शन से चार स्पेशल ट्रेन रवाना हुई. इसमें सुबह 5:50 बजे पटना-इंदौर, दोपहर 1:15 बजे पटना-पुरी, रात्रि 8:30 बजे पटना-आनंद विहार सुविधा और रात्रि 8:45 बजे पटना-दुर्ग स्पेशल ट्रेन शामिल है. लेकिन, इन ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ नहीं थी. पटना-आनंद विहार सुविधा एक्सप्रेस से पहले विक्रमशिला, संपूर्णक्रांति व मगध एक्सप्रेस रवाना हुई. इन तीनों ट्रेनों में यात्री खचाखच सवार थे. लेकिन, सुविधा एक्सप्रेस के डिब्बे खाली दिखे.
आज से ज्यादा भीड़ बढ़ने की है संभावना
सोमवार से रेल यात्रियों की भीड़ पटना जंक्शन के साथ साथ राजेंद्र नगर और दानापुर स्टेशनों पर बढ़ने वाली है. इसका वजह है कि छठ पूजा खत्म होने के दूसरे दिन से बेड़ी संख्या में लोग ट्रेनों से वापस लौटते है. संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने पांच नवंबर तक 24 घंटे ड्यूटी चार्ट तैयार कर लिया है और एक-एक अधिकारी व आरपीएफ जवानों को जिम्मेदारी तय की गयी है, ताकि भीड़ बढ़ने पर भगदड़ की स्थिति नहीं बने.
पटना-दिल्ली के बीच दो दिन और चलेगी स्पेशल ट्रेन
पटना : छठ पूजा के दौरान बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी नहीं हो. इसको लेकर रेलवे की ओर से लगभग सभी रेलखंडों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन कराया जा रहा है. रविवार को पटना से दिल्ली के लिए सुविधा एक्सप्रेस ट्रेन रवाना हुई, जिसमें यात्रियों की भीड़ नहीं दिखी.
हालांकि, सात व 10 नवंबर को भी ट्रेन संख्या 82365 पटना-दिल्ली सुविधा एक्सप्रेस पटना जंक्शन से रात्रि 8::0 बजे रवाना होगी. ट्रेन संख्या 82948 पटना-अहमदाबाद स्पेशल पटना जंक्शन से सोमवार से 25 नवंबर के बीच प्रत्येक सोमवार को रवाना होगी. ट्रेन संख्या 09308 पटना-इंदौर 15 दिसंबर तक प्रत्येक रविवार और ट्रेन संख्या 82938 पटना-इंदौर स्पेशल 24 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को पटना जंक्शन से रवाना होगी. ट्रेन संख्या 82116 दानापुर-पुणे सुविधा स्पेशल पांच व 12 नवंबर को दानापुर से रवाना होगी. ट्रेन संख्या 82792 पटना-सिकंदराबाद सुविधा स्पेशल पांच नवंबर और ट्रेन संख्या 07640 पटना-सिकंदराबाद स्पेशल सोमवार को पटना जंक्शन से रवाना होगी.
नियमित ट्रेनों में 200 से अधिक वेटिंग लिस्ट
पटना : दिल्ली से पटना जाने वाली नियमित ट्रेनें हो या फिर मुंबई, चेन्नई, कोटा, अमृतसर आदि शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनें. इन सभी रूट की नियमित ट्रेनों में स्लीपर व एसी डिब्बे में कंफर्म सीट उपलब्ध नहीं है. स्थिति यह है नियमित ट्रेनों में 200 से अधिक वेटिंग सूची है. राजेंद्र नगर से दिल्ली जाने वाली संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस में 400 के करीब वेटिंग लिस्ट पहुंच चुकी है.
वहीं, विक्रमशिला, मगध एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में 200 के करीब वेटिंग लिस्ट है. यह स्थिति अगले 15 दिनों तक है. वहीं, चेन्नई जाने वाली संघमित्रा, मुंबई जाने वाली राजेंद्र नगर मुंबई व पाटलिपुत्र-मुंबई एक्सप्रेस और पटना से जाने वाली पटना-कोटा एक्सप्रेस में कंफर्म सीट उपलब्ध नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >