पटना : राज्य सरकार के रवैये के कारण राज्य के लाखों नौजवानों का शिक्षक बनने का सपना टूट रहा है. सरकार की ओर से शिक्षक पात्रता परीक्षा में अजीबो-गरीब शर्त लगाने से कॉमर्स, सामाजिक विज्ञान सहित कई विषय के अभ्यर्थी आवेदन भरने से ही वंचित हो जा रहे हैं.
शनिवार को संवाददाता सम्मेलन कर रालोसपा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने ये बातें कही. उन्होंने कहा कि जब पात्रता परीक्षा का आवेदन करने से इन विषय के अभ्यर्थियों को रोकना ही था, तो इन छात्रों को बीएड ही नहीं करने दिया जाता.
अब ऐसी स्थिति हो गयी है कि जब किसी को दूसरी जगह रास्ता नहीं रहता तो शिक्षक बन जाते हैं, जबकि शिक्षकों को खोये सम्मान लाने की जरूरत है. ऐसे में शिक्षा में सुधार की बात करना ही बेकार है. जब राज्य में नौजवानों को नौकरी नहीं मिलेगी, तो अभ्यर्थी सड़क पर उतरेंगे. इन्हीं बातों को लेकर राज्यपाल से समय मांगा गया है.
