पटना : ट्रेनों का ससमय परिचालन सुनिश्चित हो. इसको लेकर प्रमुख स्टेशनों पर रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआइ) इंस्टॉल किया गया. वहीं, रेल खंडों के कॉशन हटा कर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ायी गयी और जीपीएस के जरिये निगरानी भी की जा रही है. इसके बावजूद ट्रेनों का विलंब परिचालन थम नहीं रहा है.
ट्रेनों के विलंब परिचालन से यात्री परेशान हैं. रेल मंडल प्रशासन बताते है कि उनके क्षेत्र में ट्रेनें विलंब से आती है, जिससे ट्रेनें पटना जंक्शन विलंब से पहुंचती है. निर्धारित समय से चलने वाली ट्रेनें रेल मंडल क्षेत्र में विलंब नहीं होती है.
साढ़े तीन घंटे की देरी से पहुंची मगध एक्सप्रेस : दिल्ली से पटना होते हुए इस्लामपुर आने वाली मगध एक्सप्रेस सोमवार को पटना जंक्शन 3:35 घंटे की देरी से पहुंची. यह ट्रेन दिल्ली से निर्धारित समय से रवाना हुई और रास्ते में विलंब होती चली गयी. मुगलसराय स्टेशन पर तीन घंटे की देरी से पहुंची और पटना आते-आते साढ़े तीन घंटे देर हो गयी.
वहीं, दिल्ली से पटना होते हुए भागलपुर जाने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस दिल्ली से निर्धारित समय से खुली और मुगलसराय एक घंटा और पटना आते-आते डेढ़ घंटे देर हो गयी. दिल्ली से पटना होते हुए डिब्रूगढ़ जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल मुगलसराय स्टेशन निर्धारित समय से पहुंची और मुगलसराय व पटना के बीच एक घंटा व पटना से किऊल के बीच डेढ़ घंटे देर हो गयी. नॉर्थ-इस्ट एक्सप्रेस सोमवार की रात डेढ़ घंटे की देरी से पाटलिपुत्र जंक्शन पहुंची.
दो दिन रद्द रहेगी तूफान एक्सप्रेस
पटना. उत्तर रेलवे के तुगलकाबाद व पलवल के बीच चौथी रेल लाइन चालू करने को लेकर छह से आठ सितंबर तक बल्लभगढ़ स्टेशन पर आरआरआइ कार्य किया जाना है. इसको लेकर पूर्व मध्य रेल क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रेन संख्या 13007/08 हावड़ा-श्रीगंगानगर-हावड़ा उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस का परिचालन दो दिनों के लिए रद्द करने का निर्णय लिया गया है.
चार व पांच सितंबर को हावड़ा से खुलने वाली ट्रेन संख्या 13007 हावड़ा-श्रीगंगानगर उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस रद्द रहेगी. छह व सात सितंबर को श्रीगंगानगर से खुलने वाली ट्रेन संख्या 13008 श्रीगंगानगर-हावड़ा उद्यान आभा तूफान एक्सप्रेस रद्द रहेगी.
महिला डिब्बे से पकड़े गये 18 पुरुष यात्री
पटना : पटना जंक्शन आरपीएफ पोस्ट की ओर से महिला आरपीएफ की टीम गठित की गयी है, जो मेमू ट्रेनों के सुरक्षित महिला डिब्बे में अभियान चला रही है. सोमवार को पटना-गया-पटना रेलखंड की मेमू ट्रेनों में छापेमारी की. इस छापेमारी के दौरान 18 पुरुष यात्रियों को पकड़ा गया है, जिससे जुर्माना वसूल कर छोड़ा गया. वहीं, जंक्शन से 14 अवैध वेंडरों को भी पकड़ा गया.
आरपीएफ इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सुरक्षित महिला डिब्बे में लगातार महिला आरपीएफ की टीम छापेमारी कर रही है. इससे महिला यात्रियों की शिकायतें कम हुई है. लेकिन, अब भी इक्का-दुक्का पुरुष यात्री महिला डिब्बे में सवार हो जाते है. इसके खिलाफ लगातार अभियान चलता रहेगा.
