पटना : राज्यपाल फागू चौहान ने बकरीद के मौके पर बिहारवासियों को मुबारकवाद दी है. राज्यपाल ने कहा है कि अनुपम त्याग और बलिदान के लिए प्रेरित करने वाला यह पर्व हमारे जीवन में सहिष्णुता, सद्भावना, प्रेम और बंधुत्व की भावना संचारित करता है
. राज्यपाल ने दुआ की है कि इस त्योहार के अवसर पर सब लोग समाज में अमन चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए संकल्प लें, ताकि बिहार विकास पथ पर निरंतर तेजी से आगे बढ़ता रहे और राष्ट्रीय एकता व सद्भावना भी मजबूत हो. वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर प्रदेश और देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि बकरीद का त्योहार असीम आस्था का त्योहार है.
खुदा के हुक्म पर बड़ी से बड़ी कुर्बनी दिये जाने के लिए तैयार रहना इस त्योहार का आदर्श है. मुख्यमंत्री ने इस त्योहार को मेल-जोल, आपसी भाईचारा और सदभाव के साथ मनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि त्योहारों का आनंद आपसी भाईचारा एवं मेल-जोल के साथ मिलकर मनाने से बढ़ता है और त्योहार का सच्चा आनंद मिलता है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने राज्य की जनता विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को ईद-उल-जोहा की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. साथ ही राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने ईद-उल-अजहा के त्योहार को लोगों से अमन व शांति से मनाने की अपील की है. उन्होंने लोगों को बकरीद की मुबारकबाद दी है.
