पटना : रविवार को पारा सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया. जुलाई माह में इतनी गर्मी छह साल बाद पड़ी है. इससे पहले 39 डिग्री से अधिक तापमान केवल वर्ष 2012 में पहुंचा था, जब 39़ 4 डिग्री तापमान पहुंच गया था. न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक 29 डिग्री से कुछ अधिक रहा.
उल्लेखनीय है कि पटना का जुलाई माह का सबसे अधिक तापमान छह जुलाई 1982 में 41़ 2 डिग्री अधिक रहा था. फिलहाल रविवार को तेज धूप के चलते जबरदस्त गर्मी रही. सबसे ज्यादा परेशानी ऊमस से महसूस की गयी. हालांकि रविवार की शाम को कई बार बादल शहर के ऊपर छाये लेकिन बिना बारिश के उड़ गये. फिलहाल लोग बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
पिछले सालों का उच्चतम तापमान एक नजर में
2018 37.8 (19 जुलाई)
2017 37.4 (18 जुलाई)
2016 36.9 (1 जुलाई)
2015 37.4 (4 जुलाई)
2014 37.0 (12 जुलाई)
2013 37.4 (25 जुलाई)
बढ़े हुए तापमान की वजह से बारिश के आसार
बढ़े हुए तापमान की वजह से अगले दो तीन दिन बारिश के आसार हैं. बेशक मानसून का कोई सिस्टम बिहार में नहीं है, लेकिन ट्रफ लाइन छपरा और पूरे बिहार में वायुमंडल के काफी ऊपर से गुजर रही है. इससे अच्छी बारिश के आसार हैं. आइएमडी पटना के मुताबिक समूचे प्रदेश में कई जगह ठनका और आंधी आने का पूर्वानुमान है.
