पोस्टमार्टम हाउस से शव आते ही लोगों का फूटा गुस्सा
फतुहा में फोरलेन के पास मिला था शव
पटना सिटी : खाजेकलां थाना क्षेत्र के घघा गली निवासी कृष्णा प्रसाद का 18 वर्षीय पुत्र भोला उर्फ नीरज गुरुवार से लापता था. शुक्रवार को उसका शव फतुहा में फोरलेन के पास से बरामद किया गया. पुलिस ने शव बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेज दिया था.
शनिवार को उसका शव जब नालंदा मेडिकल कॉलेज से पोस्टमार्टम के बाद घर लाया जा रहा था तो घघा गली के पास परिजनों व पड़ोसियों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने शाम चार बजे शव को सड़क पर रखकर इंसाफ मांगते हुए हत्या में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे. परिजन उसकी हत्या किये जाने की आशंका जता रहे थे. इस दरम्यान एक सौ से अधिक की संख्या में सड़क पर उतरे लोगों ने टायर जला आगजनी की. सड़क जाम व हंगामे की वजह से मच्छरहट्टा मंडी में अफरा-तफरी मच गयी.
दुकानों के शटर गिरने लगे. पश्चिम दरवाजा से चौक के बीच चलने वाले ऑटो व अन्य वाहनों का परिचालन बाधित हो गया. सूचना पाकर मौके पर खाजेकलां व चौक थानाें के साथ दूसरे थानों की पुलिस पहुंची. पुलिस से भी आक्रोशित लोगों की कहासुनी व तीखी झड़प हुई. तीन घंटे के बाद पुलिस ने किसी तरह समझा- बुझा कर जाम हटवाया. इसके बाद शव को दाह- संस्कार के लिए पुलिस सुरक्षा के बीच ले जाया गया. इस दरम्यान मार्केट में दुकान बंद कराने को लेकर व्यापारियों ने आक्रोश जताया.
साजिश में की हत्या, शव को फोर लेन पर फेंका
दरअसल फतुहा थाने की पुलिस ने शुक्रवार को फोरलेन पर मिले अज्ञात युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एनएमसीएच भेजा था. शनिवार को उसकी पहचान बाद में घघा गली निवासी कृष्णा प्रसाद के पुत्र भोला उर्फ नीरज के तौर पर हुई. परिजनों का आशंका है कि साजिश के तहत उसकी हत्या कर शव को फोरलेन पर फेंक दिया गया क्योंकि शरीर पर चोट के निशान थे. ऐसे में पुलिस मामले में जांच -पड़ताल कर हत्यारों को गिरफ्तार करे
दो दिनों से था लापता, गैराज में करता था काम
पिता कृष्णा प्रसाद यादव ने बताया कि भोला पढ़ाई छोड़ने के बाद टॉल प्लाजा दीदारगंज के पास में स्थित एक गैराज में काम करता था. बीते गुरुवार की शाम को सात बजे वह घर से स्कूटी लेकर निकला था. इसके बाद भोला को रास्ते में किशुन नामक का दोस्त भी मिला.
गुरुवार की रात ही करीब साढ़े 11 बजे किशुन स्कूटी वापस करने घर आया और बोला कि भोला एनएच पर स्थित ढाबा में खाना खा रहा है, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटने की स्थिति में परिजनों ने संभावित स्थानों पर खोजबीन की, पर पता नहीं चला. इसके बाद शुक्रवार की शाम मां अंजू देवी ने बेटे के लापता होने की सूचना खाजेकलां थाना पुलिस को दी. इसी बीच उसका शव मिला. चार भाइयों में भोला उर्फ नीरज तीसरे नंबर पर था. पुलिस ने बताया कि मामले में जांच- पड़ताल की जा रही है.
