छापे में राजीव नगर, कंकड़बाग, एयरपोर्ट थाना और फुलवारी थाना क्षेत्रों में मिली शराब
पटना : राजधानी के चार थानों के थानाध्यक्ष राजीव नगर के निशांत कुमार, कंकड़बाग के अशोक कुमार, थानाध्यक्ष एयरपोर्ट के केके मजुमदार और फुलवारी थाना के थानेदार कैसर आलम को दस साल तक थानेदारी नहीं मिलेगी.
मद्य निषेध इकाई के छापे में इन थाना क्षेत्रों में शराब बरामद हुई है. आइजी मद्य निषेध ने संबंधित थानेदारों को हटाने के साथ ही कठोर कार्रवाई की सिफारिश की है. मुख्यमंत्री के निर्देश हैं कि जिस थाना क्षेत्र में शराब बरामद होती है या वहां के थानेदार शराब के काले कारोबार में किसी भी प्रकार से संलिप्त पाये जाते हैं तो उनको हटा दिया जाये.
दस साल तक थानेदारी नहीं दी जाये.आइजी मद्य निषेध रतन संजय कटियार ने बताया कि बुधवार को पटना में छह जगहाें पर मद्य निषेध इकाई की टीम ने छापेमारी की थी. यह छापा फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर और रेलवे क्रासिंग गुमटी के पास, कंकड़बाग थाने में पृथ्वीपुर मोहल्ला और मलाही पकड़ी, राजीव नगर थाना में आशियाना दीघा रोड पर कैनरा बैंक के बगल में तथा हवाई अड़्डा थाना क्षेत्र के जगदेव पथ मुशहरी टोला पिलर नंबर 14 के दक्षिण में छापा मारा गया था. इन जगहों पर भारी मात्रा में शराब बरामद हुई है. जगदेव पथ पर बिजली के हीटर से शराब बनायी जा रही थी. यहां दस हजार लीटर देश शराब नष्ट किया गया. सभी स्थानों पर 12 आरोपियों को पकड़ा गया है.
आइजी ने बताया कि थानाध्यक्ष राजीव नगर , कंकड़बाग , थानाध्यक्ष एयरपोर्ट और फुलवारी शरीफ थाना के थानेदार ने प्रमाण पत्र दिया था कि इनके क्षेत्र में शराब बिक्री , निर्माण आदि कोई गतिविधि नहीं होने दी जायेगी. इसके बाद भी शराब बरामद हुई है. इन थानेदारों के खिलाफ कार्रवाई के लिये एसएसपी पटना को लिखा जा रहा है.
