युवाओं को नशे से दूर करने के हो रहे प्रयास
गृह सचिव ने कहा- हालात चिंताजनक
पटना : लोगों में नशा की बढ़ती प्रवृत्ति से सरकार चिंतित है. नशा को लेकर कार्रवाई और जागरूकता दोनों स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है. इसके बाद भी स्थित संतोषजनक नहीं है. बिहार के युवा तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं.
आर्थिक अपराध इकाई द्वारा बुधवार को पुलिस मुख्यालय सभागार में मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध व्यापार के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय दिवस पर आयोजित सेमिनार में राज्य के अपर मुख्य सचिव गृह विभाग आमिर सुबहानी ने नशा को लेकर अपनी चिंता प्रकट की. अपर मुख्य सचिव ने सभागार में मौजूद डीजी से लेकर सिपाही स्तर के सभी पुलिस कर्मियों को नशा के विरुद्ध शपथ दिलवायी.
मुख्य अतिथि ने नशा के खिलाफ जागरूकता को पांच वैन काे रवाना किया. डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा कि नशा का अपराध से सीधा नाता है. पुलिस जुआ, स्मैक, चरस, गांजा आदि नशा बंद करा दे तो चोरी और गृह भेदन की वारदातों में 60 फीसदी की कमी आयेगी.
