पटना : एक निजी कंपनी द्वारा पटना विश्वविद्यालय के मनोवैज्ञानिक संस्थान ‘इंस्टीट्यूट ऑफ साइकोलॉजिकल रिसर्च एंड सर्विस’ के छह छात्रों का कैंपस सेलेक्शन किया गया है. चार फरवरी को हुए ग्रुप डिस्कशन व साक्षात्कार के आधार पर मंगलवार को सेलेक्शन लिस्ट जारी की गयी है.
इसमें नाजिया राजा, प्रियंका कुमारी, गजाला अनवर, शालिनी, शैली का चयन चार लाख के पैकेज पर किया गया है. संस्थान के निदेशक इफ्तेखार हुसैन के अनुसार अभी एक फाइनल इंटरव्यू भी होगा. इसके बाद इनकी नौकरी पक्की है और पढ़ाई समाप्त होते ही ये नौकरी करने लगेंगे.
केमिस्ट्री विभाग में भी प्लेसमेंट कैंप
उधर हैदराबाद की एक निजी कंपनी द्वारा पटना विश्वविद्यालय के पीजी केमिस्ट्री विभाग में एक कैंपस प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया.
इसमें विभाग के एमएससी (सेमेस्टर-4) के छात्रों ने भाग लिया. छात्रों की लिखित और मौखिक परीक्षा ली गयी. इन छात्रों के चयन की सूचना बाद में विभागों को दी जायेगी. कैंपस सेलेक्शन में विभागाध्यक्ष डीएन ठाकुर, कंपनी के एचआर केसरी गायत्री, डॉ अभय कुमार, डॉ मनोज रंजन आदि उपस्थित थे.
