पटना : उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन के बाद लखनऊ पहुंचे राजद नेता तेजस्वी यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री व बसपा सुप्रीमो से उनके आवास पर रविवार को मुलाकात की. मुलाकात के बाद सोमवार को ट्वीट कर उन्होंने मायावती को जन्मदिन की अग्रिम बधाई दी है. साथ ही उन्होंने मायावती का पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए एक तस्वीर भी साझा की है.
तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा है कि बढ़ती गरमाहट के साथ जन्मदिन की अग्रिम बधाई उस व्यक्ति के लिए जिन्होंने जीवन में जो कुछ सम्मान हासिल किया है. उन्होंने कहा कि जब हम एक बुजुर्ग की दिशा निर्देश में आगे बढ़ते हैं, तो वे हमें बहुत कुछ सिखाते हैं. साथ ही उन्होंने आगामी वर्षों के लिए भी मायावती की खुशी और सफलता की कामना करते हुए जन्मदिन की शुभकामना दी.
इस मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा कि मैं मायावती जी को जन्मदिन की बधाई देने के साथ आशीर्वाद लेने भी आया हूं. मायावती के बयानों से हमें मार्गदर्शन मिलता रहता है. अगर हमें इनका मार्गदर्शन और सीखने का मौका मिल रहा है, तो हम यह मौका क्यों छोड़ें? हम यही चाहते हैं कि हमें इनसे सीखने का मौका मिलता रहे.
