पटना : कागज पर फर्म चलाया, सामान बेचा और लेन-देन दिखा कर लिया टैक्स का फायदा

पटना : राज्य के वाणिज्य कर विभाग ने टैक्स चोरी का एक बड़ा अजीब मामला पकड़ा है. हाजीपुर में चार अलग-अलग पते पर चार व्यावसायिक फर्म या प्रतिष्ठान नवीन इंटरप्राइजेज, मनीष इंटरप्राइजेज, सुनील इंटरप्राइजेज और मलक इंटरप्राइजेज चल रहे थे. इन चारों प्रतिष्ठानों का आपस में कई बार रेडिमेड कपड़ों, आयरन, स्टील, खेल-कूद के सामान […]

पटना : राज्य के वाणिज्य कर विभाग ने टैक्स चोरी का एक बड़ा अजीब मामला पकड़ा है. हाजीपुर में चार अलग-अलग पते पर चार व्यावसायिक फर्म या प्रतिष्ठान नवीन इंटरप्राइजेज, मनीष इंटरप्राइजेज, सुनील इंटरप्राइजेज और मलक इंटरप्राइजेज चल रहे थे.
इन चारों प्रतिष्ठानों का आपस में कई बार रेडिमेड कपड़ों, आयरन, स्टील, खेल-कूद के सामान समेत अन्य सामानों को राज्य के बाहर से मंगवाया और इसे आपस में ही एक दूसरे और तीसरे को बेचा गया.
परंतु ये सभी काम हकीकत में कहीं नहीं होता था, बल्कि यह पूरा कारोबार कागज पर ही चलता था. कागज पर तमाम व्यावसायिक प्रक्रिया को पूरा करके इन फर्जी फर्मों ने कागज पर ही 214 करोड़ रुपये के सामानों के लेन-देन को दिखा दिया और इसके आधार पर सरकार से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के रूप में 12 करोड़ से ज्यादा रुपये ले लिये.
टैक्स छूट के नाम पर 12 करोड़ से ज्यादा की चपत सरकार को लगा दी है. दिखावे के लिए एकाद बार सही में सामानों को बाहर के राज्यों से यहां लाकर बेचते हुए दिखाया गया है. वाणिज्य कर विभाग की विशेष टीम जब स्पॉट पर इन फर्मों की जांच करने गयी, तो पता चला कि इस नाम का कोई फर्म है ही नहीं.
इनके दिये पते पर कोई किराये का मकान है ही नहीं. अब तक हुई जांच में यह बात सामने आयी कि इन चारों फर्म का मालिक एक ही है और वह हरियाणा का निवासी है. उसकी पहचान और उससे जुड़ी तमाम जांच चल रही है. सभी फर्म का ई-मेल आईडी भी एक ही है.
ऐसे खुली इनकी पोल
जांच में यह पता चला कि दूसरे राज्यों के नंबर वाले कई वाहनों पर लाखों के सामान आ रहे हैं और यहां से भेजे भी जा रहे हैं. एक बार एक ही ट्रक पर डेढ़ करोड़ से ज्यादा का रेडिमेड गारमेंट ढोया गया. ये लोग सामानों को भी आपस में इन्हीं चार फर्मों को बार-बार कागज पर बेचते रहते थे.
जांच करने पर गड़बड़ी की पूरी पोल खुली. इन फर्म का स्पॉट वेरीफिकेसन करने टीम हाजीपुर पहुंची, तो पूरी हकीकत सामने आ गयी.
इस मामले में आगे की जांच चल रही है. कई लेन-देन दूसरे राज्यों से भी किये गये हैं, जांच चल रही है. जांच पूरी होने के बाद ही मामले में पूरी स्थिति स्पष्ट हो पायेगी.
डॉ. प्रतिमा एस वर्मा, (आयुक्त, वाणिज्य कर विभाग)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >