पटना : कंकड़बाग थाना क्षेत्र के लोहिया नगर से दिनदहाड़े वाहन चोर ने सड़क के किनारे खड़ी बाइक चोरी कर ली है. पूरा घटना क्रम सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक करीब 18 साल का लड़का पैदल आता है और कार की बगल में खड़ी बाइक संख्या-बीआर-01-बीडी- 5112 में चाभी लगा कर उसके लॉक को खाेल देता है. इसके बाद बड़ी ही आसानी से वह बाइक लेकर भाग जाता है. घटना के दौरान फ्लैट से एक लड़की भी निकलती है.
लेकिन, जब तक वह कुछ समझ पाती तब तक वह बाइक लेकर निकल जाता है. यह बाइक चंद्रकात गुप्ता की है. उनके भाई रमाकांत गुप्ता बाइक लेकर कंकड़बाग में फ्लैट संख्या 130 में कोचिंग पढ़ाने गये थे. इसी दौरान बाइक चोरी हो गयी है. इस मामले में कंकड़बाग थाने में मामला दर्ज कराया गया है.
