पटना : दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर बिहार पुलिस ने पैरा मिलिट्री फोर्स की आठ कंपनी की मांग की है. गुरुवार को डीजीपी केएस द्विवेदी ने प्रदेश के जोनल आईजी, रेंज डीआईजी और एसएसपी, एसपी के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग की. सभी को आदेश दिये कि दुर्गा पूजा, जुलूस पांडाल आदि के लिये शर्त के साथ लाइसेंस दें. यह सुनिश्चित करें कि कोई हथियार के साथ शामिल न हो. किसी भी तरह का यातायात प्रभावित न हो. अशांति फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाये.
उनको पाबंद किया जाये. जरूरत पर मुचलका भरवाये जाएं. राज्य में दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ नियंत्रण , ट्रैफिक व्यवस्था, मंदिरों -पूजा पांडालों की सुरक्षा, जुलूस आदि की व्यवस्था को लेकर सभी जिलों ने अपने-अपने इंतजामों से डीजीपी को अवगत कराया. सीसीए की कार्रवाई करने के आदेश दिये गये हैं. डीजीपी ने कहा है कि सभी जिले इंटेलीजेंस और साइबर सेनानियों को एक्टिव रखें. अपराधियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल और उनकी जमानत रद्द कराने को भी कहा है.
