पटना : विस गेट नंबर 16 से दो तक बनेगी एक किमी की सड़क

पथ निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण का शुरू कर दिया है काम, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण शहर की कई सड़कों का होगा कायाकल्प, कवायद शुरू पटना : शहरवासियों को एक और नयी सड़क का तोहफा मिलने वाला है. पथ निर्माण विभाग ने विधानसभा के गेट नंबर 16 से गेट नंबर दो तक जाने वाली एक […]

पथ निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण का शुरू कर दिया है काम, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
शहर की कई सड़कों का होगा कायाकल्प, कवायद शुरू
पटना : शहरवासियों को एक और नयी सड़क का तोहफा मिलने वाला है. पथ निर्माण विभाग ने विधानसभा के गेट नंबर 16 से गेट नंबर दो तक जाने वाली एक नयी सड़क का निर्माण करना शुरू कर दिया है.
यह सड़क सचिवालय यानी विकास भवन से विधानसभा की ओर जाने रास्ते पर नाला पार करने के बाद पेसू के ठीक सामने से शुरू हो रही है, जहां विधानसभा का गेट नंबर 16 है. नयी सड़क विधानसभा के भीतर लगभग एक किमी तक चल कर पुराने सचिवालय के आगे बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित वाली सड़क के पास मिलेगी. सड़क के पास से ही गर्दनीबाग का पुल शुरू होता है. सड़क आम लोगों के लिए भी चालू रहेगी. रविवार को जिलाधिकारी कुमार रवि ने इस सड़क का निरीक्षण किया. निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिये गये.
इनकम टैक्स के पास फ्लावर बेड
इनकम टैक्स गोलंबर से लेकर हाईकोर्ट के पास मजार तक सड़क के किनारों को भी डेवलप करने की योजना है. विभाग के अभियंता ने बताया कि इनकम टैक्स के आगे फलों की दुकान के सामने पेवर ब्लॉक लगाने का काम किया जायेगा. विद्युत भवन के पास से आगे तक फुटपाथ व फ्लावर बेड बनाने का काम किया जायेगा.
शेखपुरा में दुर्गामंदिर तक दो लेन की सड़क
बेली रोड पर आईजीआईएमएस के बगल से शेखपुरा में दुर्गा मंदिर तक जाने वाले सड़क को दो लेन में विकसित किया जायेगा. कुल 440 मीटर की दो लेन सड़क होगी. वहां सड़क की चौड़ाई 5.5 मीटर है. इसके अलावा राजवंशी नगर में हनुमान मंदिर के पीछे से बेली रोड पर सड़क बनाने की योजना भी चल रही है.
नेहरू गोलंबर के पास बनेगा आइसलैंड
डाकबंगला चौराहा से स्टेशन गोलंबर की ओर जाने वाली सड़क पर नेहरू गोलंबर के सामने आइसलैंड बनेगा. महाराजा कामेश्वर कॉम्प्लेक्स के पास आगे सड़क व फुटपाथ के बीच पेवर ब्लॉक लगाया जायेगा. वहीं पुल के पास एक ट्रैंगल रोड डिवाइडर (आइसलैंड) डेवलप किया जायेगा.
1400 वाहनों के लिए बन रही है पार्किंग
बोरिंग रोड में हड़ताली मोड़ से लेकर राजापुर पुल तक सड़क के दोनों फ्लैंकों के बीच में वाहन पार्किंग व वेडिंग जोन बनाने का काम शुरू है. कई जगहों पर नये सिरे से जबकि कई जगहों पर पुराने पेवर ब्लॉक को हटाकर नया पेवर ब्लॉक लगाने का काम किया जा रहा है. कुल 16 हजार पांच सौ वर्ग मीटर डेवलप किया जायेगा. इसमें पांच हजार वर्ग मीटर जगह वेंडिंग जोन के लिए आरक्षित रहेगा जो बोरिंग रोड चौराहा से राजापुर पुल की तरफ ही रहेगा जबकि शेष जगहों पर पार्किंग की योजना है. इससे पूरे सड़क पर लगभग 14 सौ वाहनों की पार्किंग डेवलप हो रही है.
होटल मौर्या से पनाश तक छह लेन सड़क
रविवार को जिलाधिकारी ने अतिक्रमण हटाये जाने वाले कई स्थानों का निरीक्षण किया. सबसे पहले गांधी मैदान के पास होटल मौर्या से हाेटल पनाश तक हटाये गये अतिक्रमण पर विकास कार्यों को देखा. इस दौरान उन्होंने बताया कि पथ निर्माण विभाग की ओर से होटल पनाश से लेकर होटल मौर्या तक दो लेन की नयी सड़क के निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है जो एग्जीविशन रोड से फ्रेजर रोड को स्पेशल तौर पर जोड़ने का काम करेगी.
इस सड़क की लंबाई लगभग 250 मीटर है. इस पर 21 पेड़, पांच ट्रांसफॉर्मर व दस पोल हैं. बचे जगहों पर नगर निगम वाहन पार्किंग बनाने का भी काम करेगी. ऐसे वहां कुल मिला कर छह लेन की सड़क हो जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >