पटना : सीओडी के चार अधिकारियों के बयान दर्ज, नौ को नोटिस भेज बुलाया

एके-47 को असेंबल करने और मुंगेर में सप्लाई के मामले में बढ़ने लगा है जांच का दायरा पटना : जबलपुर सीओडी से निकाले गये एके-47 के पुर्जों और उनको असेंबल करके मुंगेर में दी गयी 70 एके-47 की सप्लाई मामले में जिस तरह से जांच चल रही है उससे साफ है कि बहुत जल्द भूचाल […]

एके-47 को असेंबल करने और मुंगेर में सप्लाई के मामले में बढ़ने लगा है जांच का दायरा
पटना : जबलपुर सीओडी से निकाले गये एके-47 के पुर्जों और उनको असेंबल करके मुंगेर में दी गयी 70 एके-47 की सप्लाई मामले में जिस तरह से जांच चल रही है उससे साफ है कि बहुत जल्द भूचाल आने वाला है.
अब जांच के दायरे में सीओडी के अधिकारी आने लगे हैं. क्राइम ब्रांच ने अब तक सीओडी के चार अधिकारियों के बयान दर्ज किये हैं. इसमें सीओडी के इंचार्ज स्तर के लोग हैं. अब तक जयचंद्र, अर्जुन सिंह, अजय सिंह, श्रीनिवासन के बयान दर्ज कर लिये गये हैं. इसके अलावा अन्य लोगों से पूछताछ हो रही है.
जांच में पता चला है कि सेना के लायंस सूबेदार नियाजुल के कहने पर आर्मोरर पुरुषोत्तम रजक और सुरेश ठाकुर सीओडी से एके-47 के पुर्जों को निकालते थे और अपने आवास में उसे असेंबल करके मुंगेर में इमरान और शमशेर को बेच देते थे. वहीं सीओडी से कई बिंदुओं पर जो जवाब मांगा गया है वह अब तक जांच टीम को उपलब्ध नहीं कराया गया है. सीआेडी के अधिकारी फंसते दिख रहे हैं.
पुर्जों के साथ पकड़ा था सुरेश को : सीओडी में ड्यूटी के दौरान आर्मोरर सुरेश ठाकुर को गेट पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने 16 अगस्त को एक बार पकड़ा था. उसकी गाड़ी से एके-47 के पुर्जों को बरामद किया था. क्राइम ब्रांच अब इन सुरक्षा गार्डों से पूछताछ की तैयारी में है. इसमें राजेंद्र, सतीश, एके सिंह, सतीश खत्री शामिल हैं. गार्डों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है. इसमें यह देखा जा रहा है कि अगर सुरेश ठाकुर असलहे के पुर्जों को घर ले जा रहा था और गेट पर पकड़ा गया था तो क्या कार्रवाई हुई. अगर कार्रवाई नहीं की गयी तो जिम्मेदार अधिकारी इसमें नपेंगे.
सीओडी में जब सुरेश ठाकुर आर्मोरर था, उस समय जो लोग सीनियर स्टोर मैनेजर थे, उनसे भी पूछताछ की तैयारी है. इसमें शिवेश, संजय तिवारी, दीपेश, संजय दूबे और सद्दाम खान समेत अन्य लोग शामिल हैं. क्राइम ब्रांच ने इन लोगों को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है.
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई से सीओडी में हड़कंप मचा हुआ है. इसके अलावा पुलिस ने आर्मोरर पुरुषोत्तम रजक और सुरेश ठाकुर के पड़ोसियों से भी पूछताछ की है. सूत्रों कि मानें तो आठ-आठ पड़ोसियों के बयान दर्ज कराये गये हैं. पुलिस इस मामले की चार्जशीट सबूत, गवाह और बयान के आधार पर करना चाहती है. बिहार के मुंगेर और जबलपुर से कुल 17 गिरफ्तारी हुई है, जबकि आठ एके-47 बरामद किये गये हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >