डीएम ऑफिस के रिटायर्ड कर्मी के बेटे का अपहरण कर मांगे थे 30 लाख
फुलवारीशरीफ थाने में 11 सितंबर को दर्ज हुई थी अपहरण की प्राथमिकी
पटना :जहानाबाद डीएम ऑफिस से रिटायर्ड कर्मी व फुलवारीशरीफ निवासी मदन मोहन प्रसाद के बेटे पंकज कुमार का अपराधियों ने दस सितंबर को अपहरण कर 30 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे थे. पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने पर कार्रवाई करते हुए चार अपहर्ताओं को अरवल जिले से पकड़ लिया और पंकज कुमार को सकुशल बरामद कर लिया. पकड़े गये अपहर्ताओं में अरवल का मुकेश कुमार, दीपक कुमार, उपेंद्र कुमार व रोहतास के काराकाट का रहने वाला चंदन कुमार शामिल हैं.
अपहृत पंकज भी कई लोगों से ले चुका है रकम : खास बात यह है कि पंकज कुमार भी नौकरी लगाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये ले चुका है और अपहरण होने की यही खास वजह सामने आयी है.
पैसा वसूलने की नीयत से ही इन चारों ने मिल कर पंकज का अपहरण कर लिया था और अरवल में छुपा कर रखा था. इसके साथ ही उसके ही मोबाइल फोन से परिजनों से 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी. इधर, इस मामले में तीन और लोगों का नाम सामने आया है और उन्हें भी पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है.
बताया जाता है कि मुकेश, दीपक, उपेंद्र व चंदन कुमार ने दस सितंबर को पंकज कुमार को मीठापुर स्टैंड में बुलाया. चूंकि पहले से ही पंकज इन सभी को जानता था तो वह उन लोगों से मिलने चला आया.
इसके बाद चारों अपराधी पंकज को बहला-फुसला कर अरवल ले गये और वहां बंधक बना लिया. इसके बाद फिरौती की रकम मांगनी शुरू कर दी. अपहरण की जानकारी मिलते ही पंकज के परिजनों ने फुलवारीशरीफ थाने में 11 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज करा दी.
एसएसपी मनु महाराज ने सिटी एसपी वेस्ट रवींद्र कुमार के नेतृत्व में फुलवारीशरीफ डीएसपी रमाकांत प्रसाद व फुलवारीशरीफ थानाध्यक्ष कैसर आलम की एक टीम बना दी. इस टीम ने मोबाइल का लोकेशन निकाला तो वह अरवल का निकला. वहां छापेमारी कर पंकज को सकुशल बरामद कर लिया.
बताया जाता है कि पंकज के पिता नौ सितंबर को ही रिटायर्ड हुए थे. अपहर्ताओं को इस बात की जानकारी थी कि पंकज के पिता को रिटायरमेंट का पैसा मिला होगा और इसी समय वे अपने बाकी पैसे पंकज से वसूल कर सकते हैं.
एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि पंकज नौकरी लगाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपये ले चुका है. उससे भी पूछताछ की जा रही है. अगर इस संबंध में साक्ष्य मिलेगा तो उसके ऊपर भी कानूनी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि पंकज को सकुशल रिहा करा लिया गया है और इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
