पटना : पालीगंज थाने के बंदर बगीचा के पास अपराधियों ने पटना विश्वविद्यालय के सहायक अरविंद कुमार की गोली मार कर हत्या कर दी. यह घटना मंगलवार रात 10 बजे की है. ग्रामीणों की सूचना पर पालीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची थी और युवक को इलाज के लिए भेजा था.
हालांकि पीएमसीएच में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पीएमसीएच में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के हवाले कर दिया. अरविंद कुमार मूल रूप से दीघा के रामजीचक का रहने वाला है. वह पटना विश्वविद्यालय में सहायक के पद पर काम करने के साथ ही अल्ट्रासाउंड मशीन के मैकेनिक का काम भी करता था. अल्ट्रासाउंड मशीन से जुड़े काम के लिए वह शनिवार की शाम को बाइक से अरवल गया था और वहां से मंगलवार की शाम को वापस दीघा स्थित आवास पर लौट रहा था. अपराधियों ने सीने में गोली मारी थी. हालांकि उसके पास रहे सभी सामान सुरक्षित हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि किसी ने पूर्व नियोजित साजिश की तहत हत्या की. हालांकि परिजनों का कहना है कि उन्हें किसी प्रकार की दुश्मनी की जानकारी नहीं है. पीएमसीएच में पुलिस को दिये गये बयान में भी परिजनों ने किसी पर हत्या करने का आरोप नहीं लगाया है और न ही किसी पर शंका व्यक्त की है. इधर, अरविंद की मौत की खबर सुनते ही उसकी पत्नी गश खा कर गिर पड़ी.
बाइक रोकी गिर पड़ा
पालीगंज बंदर बगीचा के पास अरविंद कुमार बाइक चलाते हुए पहुंचा और अचानक ही गिर पड़ा. लोगों ने पुलिस को जानकारी दे दी. पहले निजी नर्सिंग होम फिर पीएमसीएच लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
चलती गाड़ी पर मारी गोली
पुलिस ने अरविंद से पूछताछ भी की थी. जांच के दौरान यह बात सामने आयी है कि जिस तरह से घटना हुई है उससे स्पष्ट है कि उसे किसी ने चलती गाड़ी में गोली मारी. अरविंद कुमार को लगा था कि मोबाइल फोन ब्लास्ट कर गया है.
