मसौढ़ी में स्थिति हुई सामान्य, खुलीं दुकानें

प्रशासन ने पार्षदों से उनके वार्डों की अद्यतन स्थिति की ली जानकारी मसौढ़ी : बीते दो दिनों से उपद्रवियों के उत्पात के बीच जी रहे नगरवासियों के सिर से गुरुवार को तीसरे दिन खौफ उतर गया और शहर में स्थित सामान्य हो गयी. इससे नगरवासियों व प्रशासन ने राहत की सांस ली. जिला प्रशासन व […]

प्रशासन ने पार्षदों से उनके वार्डों की अद्यतन स्थिति की ली जानकारी
मसौढ़ी : बीते दो दिनों से उपद्रवियों के उत्पात के बीच जी रहे नगरवासियों के सिर से गुरुवार को तीसरे दिन खौफ उतर गया और शहर में स्थित सामान्य हो गयी.
इससे नगरवासियों व प्रशासन ने राहत की सांस ली. जिला प्रशासन व अनुमंडल प्रशासन की मे‍हनत रंग लायी. गुरुवार की सुबह से ही सभी दुकानें खुल गयीं और एक बार फिर मसौढ़ी बाजार गुलजार हो उठा. लोगों के चेहरे पर सामान्य भाव थे.
कहीं से कोई खौफ उनके चेहरे से नहीं झलक रहा था. सामान्य दिनों की भांति आज उन्होंने अपने रोजमर्रा के सामान की खरीदारी की. बाजार में लोगों की गहमा- गहमी रही. सभी पड़ावों से पूर्व की भांति वाहनों का परिचालन भी गुरुवार की सुबह से ही शुरू हो गया .
अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के कार्यालय कक्ष में गुरुवार को नगर पर्षद के वार्ड पार्षदों की बैठ‍क हुई. मौके पर एसडीओ ने विधि- व्यवस्था के लिहाज से पार्षदों से उनके वार्डों कीअद्यतन स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने पार्षदों से अपने वार्डों में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए कमेटी गठित करने का आग्रह किया.
पार्षदों ने एसडीओ से नगर में पुलिस गश्त तेज व दुरुस्त रखने, सार्वजनिक स्‍थलों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने और मंगलवार की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की. एसडीओ ने उनकी मांगों से सहमति जताते हुए इस पर अविलंब कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. मौके पर मुख्य पार्षद सुनीता सिन्हा, उपमुख्य पार्षद उर्मिला कुमारी आदि मौजूद थे.
इधर, गुट के एक गुर्गे मो सद्दाम को पुलिस ने बीते बुधवार की रात छापेमारी कर दो पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 11 उपद्रवियों को भी गिरफ्तार कर लिया.
गुरुवार को एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सिटी एसपी (पूर्वी) राजेंद्र कुमार भील ने बताया कि मंगलवार की घटना के आलोक में उपद्रवियों के खिलाफ की गयी छापेमारी व सघन तलाशी अभियान के लिए मसौढ़ी व पालीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने बीते बुधवार की रात छापेमारी कर एक गुट के गुर्गे सह रहमतगंज निवासी को उसके घर से दो पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया.उपद्रव के मामले में 81 लोगों के खिलाफ नामजद व 300 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
इसकी जानकारी देते हुए सिटी एसपी (पूर्वी) राजेंद्र कुमार भील ने बताया कि इनमें से अबतक 12 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >