Patna Metro : पटना मेट्रों के प्राथमिक कॉरिडोर पर भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक गुरुवार को ट्रायल रन सफल रहा. लगभग 2.7 किमी रूट पर मेट्रो ने 5 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़कर सिग्नलिंग, ब्रेकिंग और सुरक्षा सिस्टम की जांच पास कर ली. अब केवल अंतिम सुरक्षा जांच बाकी है.
अब अंतिम मंजूरी के बाद खुलेगा सफर का रास्ता
मेट्रो सेवा शुरू करने से पहले अब सिर्फ मेट्रों रेल सेफ्टी की जांच बाकी है. मार्च में विशेषज्ञों की टीम मलाहीपकड़ी और खेमनीचक स्टेशनों पर ट्रैक, प्लेटफॉर्म सुरक्षा, यात्री सुविधाएं और तकनीकी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करेगी. मंजूरी मिलते ही इस रूट पर यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी.
30 रुपये में 6.2 किमी एलिवेटेड सफर
पटना मेट्रो न केवल समय बचाएगी बल्कि आपके बटुए का भी ख्याल रखेगी. मलाही पकड़ी से आईएसबीटी (ISBT) तक के सफर के लिए यात्रियों को लगभग 30 रुपये का किराया देना होगा. वर्तमान में भूतनाथ से आईएसबीटी तक का किराया 15 रुपये है.
मार्च के बाद जब यह रूट पूरी तरह चालू हो जाएगा, तब यात्री मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और आईएसबीटी टर्मिनल जैसे प्रमुख स्टेशनों के बीच 6.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक पर सुहाने सफर का आनंद ले सकेंगे.
खेमनीचक पर फिलहाल ‘नो स्टॉपेज’
भले ही ट्रायल सफल रहा हो, लेकिन यात्रियों को एक बात का ध्यान रखना होगा. मलाही पकड़ी से संचालन शुरू होने के बाद भी मेट्रो फिलहाल ‘खेमनीचक’ स्टेशन पर नहीं रुकेगी. चूंकि खेमनीचक एक इंटरचेंज स्टेशन है और यहां अभी निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, इसलिए इसे अभी स्टॉपेज की सूची से बाहर रखा गया है.
अब केवल मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (CMRS) की अंतिम मंजूरी का इंतजार है. मार्च के महीने में विशेषज्ञ टीम ट्रैक, प्लेटफॉर्म सुरक्षा और यात्री सुविधाओं का फाइनल मुआयना करेगी, जिसके बाद इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा..
