Nawada News : देश आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा था और मेसकौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में देशभक्ति गीतों के बीच अचानक दो नवजात बच्चियों की किलकारियां गूंज उठीं. राष्ट्रीय पर्व के दिन दो बेटियों के जन्म से अस्पताल का माहौल खुशियों से भर गया. दोनों नवजात और उनकी माताएं पूरी तरह स्वस्थ हैं.
झंडोत्तोलन कार्यक्रम के बाद कराया गया दोनों महिलाओं का सामान्य प्रसव
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मेसकौर में स्वतंत्रता दिवस पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम के बाद प्रसव के लिए भर्ती महिलाओं की सामान्य प्रसव के माध्यम से डिलीवरी कराई गई. थानोबीघा निवासी रविशंकर कुमार की पत्नी ललिता कुमारी और श्यामलालबीघा निवासी राजू कुमार की पत्नी रानी कुमारी ने एक-एक बच्ची को जन्म दिया. दोनों प्रसव सामान्य तरीके से हुए. राष्ट्रीय पर्व के दिन बेटियों के जन्म से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है.
15 अगस्त अब हमेशा रहेगा यादगार
थानोबीघा निवासी रविशंकर कुमार और श्यामलालबीघा निवासी राजू कुमार ने बेटी के जन्म पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि 15 अगस्त का दिन अब उनके परिवार के लिए हमेशा यादगार रहेगा. दोनों परिवारों ने अपनी-अपनी बेटियों का नाम भी स्वतंत्रता दिवस से प्रेरित रखने की बात कही है.
पीएचसी प्रभारी बोले, मां और नवजात सभी स्वस्थ
पीएचसी प्रभारी डॉ. सुबीर कुमार ने बताया कि दोनों प्रसव सामान्य तरीके से हुए हैं. दोनों नवजात और उनकी माताएं स्वस्थ हैं. प्रसव के बाद अस्पताल की स्वास्थ्यकर्मी टीम ने जच्चा-बच्चा की आवश्यक देखभाल की.
दो किलकारियों ने दोगुनी की स्वतंत्रता दिवस की खुशी
स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच अस्पताल में एक साथ दो बच्चियों के जन्म की खबर से स्वास्थ्यकर्मियों और परिजनों की खुशी भी बढ़ गई. राष्ट्रीय पर्व के दिन गूंजी इन दो नन्ही किलकारियों ने मेसकौर पीएचसी में स्वतंत्रता दिवस की खुशियों को दोगुना कर दिया.
