Nawada News : नारदीगंज प्रखंड के बस्ती बिगहा बाजार में शनिवार देर रात बेखौफ चोरों ने तीन दुकानों का ताला तोड़कर हजारों रुपये की नकदी और सामान की चोरी कर ली. वहीं एक अन्य दुकान में चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर सफल नहीं हो सके. घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकानदारों को दुकान खोलने के दौरान हुई.
जनरल स्टोर समेत चाय दुकान और गुमटी में चोरी
जानकारी के अनुसार, बस्ती बिगहा-सैदपुर मार्ग स्थित शांतनु जनरल स्टोर के संचालक रविन्द्र सिंह की दुकान का ताला तोड़कर चोर गल्ले में रखी नकदी और 50 हजार रुपये से अधिक मूल्य का सामान लेकर फरार हो गए. इसके अलावा सुनील गुप्ता की गुमटी से दो हजार रुपये नकद और मिठाइयों की चोरी की गई. वहीं संजय की चाय दुकान में भी चोरों ने हाथ साफ किया.
गोला दुकान में चोरी का प्रयास रहा विफल
चोरों ने एक गोला दुकान में भी सेंधमारी का प्रयास किया, लेकिन किसी कारणवश वे चोरी करने में सफल नहीं हो सके. इससे दुकान में बड़ी वारदात टल गई.
पुलिस जांच में जुटी, दुकानदारों ने बढ़ाई गश्त की मांग
घटना की सूचना मिलते ही हिसुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश है. उन्होंने बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
Also Read : अंतरराष्ट्रीय युवा संसद में नवादा की माही भारद्वाज बनीं 'बेस्ट डेलीगेट', बढ़ाया बिहार का मान
