नवादा: मुकदमा वापस लेने का दबाव, पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

नवादा के नारदीगंज में एक व्यक्ति को मुकदमा वापस न लेने पर पिस्तौल सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई. पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए IG मगध से निष्पक्ष जांच की मांग की है.

Nawada News: जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के अब्दलपुर पड़रिया गांव निवासी कुंदन कुमार ने 17 जुलाई 2026 को मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि नारदीगंज थाना कांड संख्या 75/2025 के नामजद अभियुक्त सुशील यादव ने पिस्टल सटाकर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी.

पिस्टल सटाकर दी धमकी

आवेदन के अनुसार, 14 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे पड़रिया मोड़ पर सुशील यादव अपने दो सहयोगियों के साथ पहुंचा. आरोप है कि उसने कुंदन कुमार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया. विरोध करने पर पिस्टल सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई और उसके साथ मारपीट भी की गई.

थाने में कार्रवाई नहीं होने का आरोप

पीड़ित ने बताया कि घटना के अगले दिन वह लिखित शिकायत लेकर नारदीगंज थाना पहुंचे, लेकिन थानाध्यक्ष ने आवेदन स्वयं दर्ज नहीं कर चौकीदार से लिखवाया. उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की, जिससे उनका परिवार लगातार भय के साये में जी रहा है.

आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज होने का दावा

कुंदन कुमार ने आवेदन में उल्लेख किया है कि मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. इसके बावजूद उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.

आईजी से निष्पक्ष जांच की मांग

पीड़ित परिवार ने आईजी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच, संबंधित चौकीदार से पूछताछ कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vishal kumar

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >