Nawada News : रजौली थाना क्षेत्र के पहवाचक जोगनी स्थित प्रस्वीकृत नरेंद्र मध्य विद्यालय में चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने विद्यालय के कार्यालय का ताला तोड़कर जरूरी दस्तावेज और उपस्थिति पंजी चोरी कर ली. विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक बच्चू प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को विद्यालय बंद होने के बाद सभी शिक्षक अपने-अपने घर चले गए थे. शनिवार सुबह स्थानीय शिक्षक नरेश प्रसाद को ग्रामीणों ने सूचना दी कि विद्यालय के कार्यालय का ताला टूटा हुआ है. सूचना मिलने के बाद जब विद्यालय पहुंचकर जांच की गई तो कार्यालय का ताला टूटा मिला. इसके अलावा कार्यालय में रखी गोडरेज अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था. अलमारी में रखी एक थैली से कई महत्वपूर्ण कागजात गायब मिले. साथ ही विद्यालय की कई उपस्थिति पंजी भी नहीं मिली.
चोरी गए दस्तावेज विद्यालय के लिए थे महत्वपूर्ण
प्रभारी प्रधानाध्यापक बच्चू प्रसाद ने बताया कि चोरी गए दस्तावेज विद्यालय के लिए काफी महत्वपूर्ण थे. घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने बताया कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है.
थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर प्रभारी प्रधानाध्यापक बच्चू प्रसाद ने रजौली थाना अध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है. उन्होंने आवेदन में कहा है कि चोरी की घटना से विद्यालय के कार्य प्रभावित हो सकते हैं, इसलिए जल्द से जल्द चोरी गए दस्तावेजों की बरामदगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाए.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
इस संबंध में रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. मौके पर सुनील कुमार वर्मा, सुनील कुमार, दिलीप कुमार, संजय कुमार एवं नरेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे.
