Nawada News : भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे संकल्प अभियान के तहत भाजपा कार्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने की. कार्यशाला का शुभारंभ संत गुरु रविदास महाराज सहित अन्य महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया. मंच संचालन जिला महामंत्री शैलेन्द्र शर्मा ने किया.
गुरु रविदास के विचार आज भी प्रासंगिक : अनिल मेहता
जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज का जीवन समता, सामाजिक न्याय, मानवता, श्रम की गरिमा और भक्ति का अनुपम संदेश देता है. उनके विचार आज भी समाज को जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समरस और सशक्त भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं. उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर पूरे देश में संकल्प अभियान चलाया जा रहा है.
पवित्र कलश के माध्यम से पहुंचेगा समरसता का संदेश
अनिल मेहता ने बताया कि गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली से प्राप्त पवित्र मिट्टी से भरे कलश का प्रत्येक जिले में श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जाएगा. यह कलश समाज को जोड़ने, संतों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता का संदेश देने का माध्यम बनेगा. उन्होंने कहा कि मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ता जनसंपर्क, संगोष्ठियों, विचार गोष्ठियों और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास महाराज के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे.
समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं गुरु रविदास : प्रमोद चून्नू
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रमोद चून्नू ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उनके आदर्शों को अपनाकर सामाजिक समरसता और समानता की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सकता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
Also Read : अंतरराष्ट्रीय युवा संसद में नवादा की माही भारद्वाज बनीं 'बेस्ट डेलीगेट', बढ़ाया बिहार का मान
