Nawada News : रजौली अंचल कार्यालय परिसर स्थित प्रखंड सभागार में शनिवार को अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी के नेतृत्व में जनता दरबार का आयोजन किया गया. अंचलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को अंचल कार्यालय में रैयती भूमि विवादों के निपटारे के लिए जनता दरबार लगाया जाता है.
शनिवार को आयोजित जनता दरबार में कुल पांच मामले पहुंचे. इनमें हरदिया निवासी अनिल कुमार का दिनेश सिंह के साथ स्वामित्व विवाद, अमावां निवासी तब्बसुम का कुंती देवी के साथ रास्ता विवाद, अंधरवारी निवासी रविंद्र प्रसाद यादव का राजकुमार यादव एवं वीरेंद्र यादव के साथ स्वामित्व विवाद शामिल था.
इसके अलावा घसियाडीह निवासी चंचला देवी का कॉलेज यादव एवं फुलवा देवी के साथ दखल विवाद तथा सिरोडाबर निवासी वासुदेव चौधरी का सरयू चौधरी, मनोज चौधरी, बिरजू चौधरी एवं अन्य के साथ दखल विवाद भी जनता दरबार में आया.
दोनों पक्षों की मौजूदगी में हुआ विवादों का निपटारा
अंचल प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों के लोगों की मौजूदगी में पांचों मामलों की सुनवाई की गयी. इसके बाद अंचल स्तर से सभी विवादों का निपटारा कर दिया गया. अधिकारियों ने दोनों पक्षों को आपसी विवाद को आगे नहीं बढ़ाने और कानून के दायरे में रहने की सलाह दी.
Also Read : नवादा के फुलवरिया डैम की सुरक्षा होगी और पुख्ता, 36 बोरिंग के साथ बनेगा पीजोमीटर और कंट्रोल रूम
तनाव और मारपीट से बचने की अपील
जनता दरबार के बाद अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने लोगों से अपील की कि जमीन को लेकर आपस में तनाव, मारपीट और झगड़ा नहीं करें. उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार का भूमि विवाद है तो उसे सीधे जनता दरबार में लाएं. यहां पारदर्शी तरीके से और कानून के दायरे में रहकर मामलों का निष्पादन किया जाएगा.
Also Read : चार साल के इंतजार के बाद रजौली के वार्ड 7 में शुरू हुआ सार्वजनिक शौचालय का निर्माण
गांव में ही सुलझें छोटे भूमि विवाद
सीओ ने कहा कि सरकार की मंशा है कि छोटे-छोटे भूमि विवाद गांव स्तर पर ही सुलझ जाएं, ताकि लोगों के बीच आपसी सौहार्द बना रहे. जनता दरबार के माध्यम से भूमि विवादों के समाधान की प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
मौके पर अंचल कार्यालय के कर्मचारी के अलावा गृहरक्षक के जवान भी मौजूद रहे.
Also Read : गोविंदपुर चौक की सड़क पर जलजमाव और कीचड़ से परेशानी, महायज्ञ व दुर्गापूजा को लेकर बढ़ी चिंता
