Nawada News : राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति के रंग में सराबोर रजौली का इंटर विद्यालय मैदान 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का गवाह बना. पूरे अनुमंडल क्षेत्र में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ तिरंगा फहराया गया. मुख्य समारोह इंटर विद्यालय मैदान में आयोजित किया गया, जहां अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन ने राजकीय ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी.
अधिकारी, जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राएं रहे मौजूद
समारोह में रजौली विधायक विमल राजवंशी, प्रभारी एसडीपीओ मो. शाहनवाज अख्तर, बीडीओ संजीव झा, सीओ मो. गुफरान मजहरी, थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, डॉ. गुलाम अनीश, फायर ऑफिसर रविंद्र राम, बीएओ रौशन कुमार और स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार सहित कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन एमएलसी प्रतिनिधि दीपक कुमार ने किया.
13 प्लाटूनों का निरीक्षण, अनुशासित परेड ने मोहा मन
झंडोत्तोलन से पूर्व एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन और प्रभारी एसडीपीओ मो. शाहनवाज अख्तर ने पुलिस बल की 13 प्लाटूनों का निरीक्षण किया. परेड में शामिल छात्र-छात्राओं के अनुशासन और आकर्षक मार्चपास्ट ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया. परेड के दौरान संयुक्त कमांडर प्रीतम कुमार शर्मा और लाइब्रेरियन संजीव रंजन की भूमिका सराहनीय रही.
पहली बार छात्राओं ने किया राष्ट्रीय गीत का गायन
इस वर्ष राजकीय समारोह में पहली बार राष्ट्रीय गीत का गायन कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने किया. वहीं, ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं ने प्रस्तुत किया. देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने समारोह के माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया.
एसडीएम ने विकास योजनाओं और उपलब्धियों की दी जानकारी
एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन ने अपने संबोधन में रजौली अनुमंडल क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रशासन इसके प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में कार्य कर रहा है.
भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को किया सम्मानित
इसके बाद 14 अगस्त को आयोजित अंतरविद्यालयी भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया. परेड में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को भी एसडीएम, एसडीपीओ और विधायक के हाथों पुरस्कृत किया गया.
Also Read : आजादी के जश्न के बीच मेसकौर पीएचसी में गूंजी दो नवजात बेटियों की किलकारी, सामान्य प्रसव से हुआ जन्म
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर और उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. सरकारी कार्य के क्षेत्र में रीमा कुमारी, शंभू कुमार, सतीश कुमार, प्राची वर्णवाल, नाजमीन, डॉ. रेशु कुमार, नवलेश कुमार और सूरज कुमार को सम्मानित किया गया. शिक्षा क्षेत्र में शोभा देवी, खेल के क्षेत्र में हिमांशु कुमार सिंह तथा सामाजिक कार्य के लिए मो. सफीरुद्दीन और मुकुंद पासवान को सम्मान मिला.
Also Read : नवादा में स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल में उल्टा फहराया गया तिरंगा, ग्रामीणों ने उतारकर सुरक्षित रखा
प्रशासनिक एकादश और ग्रामीणों के बीच होगा मैत्री क्रिकेट मैच
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर शनिवार दोपहर नगर पंचायत रजौली की अध्यक्ष मानती देवी के नेतृत्व में प्रशासनिक एकादश क्रिकेट मैच का आयोजन किया जाएगा. इस मैत्री मैच में प्रशासन और ग्रामीण दो अलग-अलग टीमों में बंटकर खेलेंगे. पूरा स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति के नारों और तिरंगे की गूंज के बीच संपन्न हुआ.
Also Read : आजादी के जश्न के बीच मेसकौर पीएचसी में गूंजी दो नवजात बेटियों की किलकारी, सामान्य प्रसव से हुआ जन्म
