Nawada news : रजौली-बख्तियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-20 और इसके सर्विस रोड पर चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान की समय-सीमा को जिला प्रशासन ने बढ़ा दी है. पूर्व निर्धारित शेड्यूल के तहत खरांट मोड़ से मस्तानगंज तक अतिक्रमण हटाया जाना था, लेकिन स्थानीय अड़चनों और व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण तय समय में केवल फरहा तक ही सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सका. इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण,गयाजी इकाई के अनुरोध पर जिला दंडाधिकारी, नवादा ने दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की अवधि बढ़ाते हुए नया शेड्यूल जारी कर दिया है. अब यह विशेष महाभियान 30 अगस्त 2026 तक निरंतर जारी रहेगा,
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद प्रशासन ने उठाया कदम
राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारू बनाने और बेतरतीब वाहनों, फुटपाथी कब्जों व कचरे के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह व्यापक कार्रवाई की जा रही है. एनएचएआइ कार्यान्वयन इकाई, गया द्वारा 1 अगस्त 2026 को दिए गए आधिकारिक अनुरोध और जिला सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के आलोक में नवादा जिला प्रशासन ने यह संयुक्त आदेश जारी किया है. इस पूरी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली द्वारा सड़क सुरक्षा के संबंध में पारित कड़े आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना है.
फरहा से हरदिया तक चलेगा बुलडोजर
जारी नए प्रशासनिक आदेश के अनुसार, अभियान के दूसरे और तीसरे चरण की तिथियों में संशोधन किया गया है. अब फरहा से रामदेव मोड़ तक के हिस्से में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई 24 अगस्त 2026 तक संचालित की जाएगी. इसके तुरंत बाद, अंतिम चरण के तहत हरदिया से रामदेव मोड़ तक के अत्यधिक संवेदनशील और व्यस्त मार्ग पर अवैध कब्जों को हटाने का कार्य 25 अगस्त 2026 से शुरू होकर 30 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मुख्य हाईवे के साथ-साथ सर्विस रोड के पूरे चिन्हित क्षेत्र को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा.
क्षेत्रवार दंडाधिकारियों और थानाध्यक्षों को कमान
अभियान को शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए नवादा सदर, अकबरपुर और रजौली के अंचल अधिकारियों एवं संबंधित थानाध्यक्षों को उनके क्षेत्रों में मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है.मुफस्सिल, अकबरपुर और रजौली पुलिस बल को मौके पर तैनात रहकर कानून-व्यवस्था संभालते हुए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पूरी करने का जिम्मा सौंपा गया है. रजौली क्षेत्र के संवेदनशील हिस्सों के लिए अंचल अधिकारी मो० गुफरान मजहरी और थानाध्यक्ष रणजीत कुमार को संयुक्त रूप से कमान सौंपी गई है, ताकि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद या बाधा उत्पन्न न हो.
वरीय दंडाधिकारी अभियान पर रखेंगे नजर
कार्रवाई को बिना किसी गतिरोध के संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. नवादा के अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, आनंद कुमार गुप्ता को इस पूरे अभियान के लिए वरीय दंडाधिकारी नियुक्त किया गया है, जो मौके पर रहकर निगरानी रखेंगे. इसके साथ ही पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) को पूरी अवधि में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.त्वरित समन्वय के लिए एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर आर.के. त्रिपाठी, रेजिडेंट इंजीनियर विजय कुमार झा और साइट इंजीनियरों को निर्देशित किया गया है.जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
