Nawada News : रजौली-बख्तियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-20 (एनएच-20) और इसके सर्विस रोड पर चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान की अवधि बढ़ाकर 30 अगस्त 2026 तक कर दी गई है. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत खरांट मोड़ से मस्तानगंज तक अतिक्रमण हटाया जाना था, लेकिन व्यावहारिक अड़चनों के कारण निर्धारित समय में केवल फरहा तक ही सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सका. इसके बाद एनएचएआइ (गया इकाई) के अनुरोध पर नवादा के जिला दंडाधिकारी ने संशोधित शेड्यूल जारी किया है.
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुपालन में कार्रवाई
यह अभियान सुप्रीम कोर्ट द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर जारी निर्देशों के अनुपालन में चलाया जा रहा है. हाईवे पर बेतरतीब वाहनों की पार्किंग, फुटपाथ पर अतिक्रमण और सड़क किनारे कचरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एनएचएआइ और जिला सुरक्षा समिति की बैठक में अभियान चलाने का निर्णय लिया गया था. इसका उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और आम लोगों को अवैध कब्जों से राहत दिलाना है.
Also Read : नवादा में जीएसटी भुगतान में प्रथम रहे आरडीए के राजीव सिन्हा व दाऊद खान, द्वितीय मंजू श्री को भी मिला सम्मान
24 और 30 अगस्त तक हटेगा अतिक्रमण
प्रशासनिक आदेश के तहत अभियान के दूसरे और तीसरे चरण की तिथियों में बदलाव किया गया है. अब फरहा से रामदेव मोड़ तक के हिस्से में 24 अगस्त 2026 तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद अंतिम चरण में हरदिया से रामदेव मोड़ तक के हिस्से को 25 अगस्त से 30 अगस्त 2026 के बीच अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्य हाईवे के साथ-साथ सर्विस रोड के चिन्हित पूरे क्षेत्र को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा.
सदर, अकबरपुर और रजौली में अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नवादा सदर, अकबरपुर और रजौली के अंचल अधिकारियों एवं संबंधित थानाध्यक्षों को उनके-अपने क्षेत्रों में प्रतिनियुक्त किया गया है. रजौली के संवेदनशील हिस्सों के लिए सीओ मो. गुफरान मजहरी और थानाध्यक्ष रणजीत कुमार को संयुक्त रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है.
अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी करेंगे निगरानी
अतिक्रमण हटाओ अभियान की निगरानी के लिए नवादा के अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी आनंद कुमार गुप्ता को वरीय दंडाधिकारी नियुक्त किया गया है. पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
वहीं, एनएचएआइ के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके त्रिपाठी, रेजिडेंट इंजीनियर विजय कुमार झा और साइट इंजीनियरों को अभियान के दौरान त्वरित समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है.
लापरवाही पर प्रशासन ने दी कार्रवाई की चेतावनी
जिला प्रशासन ने अभियान के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने के इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अभियान पूरा होने के बाद एनएच-20 और संबंधित सर्विस रोड पर यातायात व्यवस्था को और सुगम बनाने की उम्मीद है.
Also Read : नवादा में भूमि विवादों के त्वरित निष्पादन को लेकर बैठक, नौ मामलों की हुई समीक्षा
