नवादा के रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में मरीज को दी 2 महीने पुरानी एक्सपायर्ड दवा, प्रभारी बोले: डांट-फटकार लगा दी है

Nawada News: नवादा के रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में सोमवार को महसई निवासी राधा देवी को फार्मासिस्ट द्वारा दो महीने पहले एक्सपायर्ड हो चुकी कफ सिरप दे दी गई. मरीज के बेटे रोहित सिंह द्वारा शिकायत करने पर फार्मासिस्ट ने डॉक्टर द्वारा लिखी दवा का नाम काटकर उन्हें बिना दवा के ही वापस लौटा दिया. इस गंभीर लापरवाही पर अस्पताल के प्रभारी डीएस डॉ. दिलीप कुमार ने फार्मासिस्ट को महज डांट-फटकार लगाकर छोड़ दिया, जिससे स्थानीय लोगों में अस्पताल प्रबंधन और निष्क्रिय रोगी कल्याण समिति के खिलाफ भारी आक्रोश है.

Nawada News (कुमार मनीष देव): नवादा जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय स्थित अनुमंडलीय अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों की एक बेहद गंभीर और जानलेवा लापरवाही का मामला सामने आया है. अस्पताल में तैनात कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ठीक ढंग से नहीं कर रहे हैं, जिसके कारण आम जनता का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था से भरोसा धीरे-धीरे उठता जा रहा है. बिहार सरकार जहां एक तरफ करोड़ों रुपये खर्च कर सुदूर इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल करने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर रजौली अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी अपनी कर्तव्यहीनता और लापरवाह रवैये से सरकार और वरीय पदाधिकारियों के निर्देशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं. ताजा मामले में एक बीमार महिला मरीज को एक्सपायर्ड (समय सीमा पार) दवा दे दी गई और जब इसकी शिकायत की गई, तो उसे बिना दवा दिए ही अस्पताल से बैरंग लौटा दिया गया.

डॉक्टर ने लिखी ब्रमोहेक्सिन, फार्मासिस्ट ने थमा दी दो महीने पहले एक्सपायर्ड हुई सिरप

जानकारी के अनुसार, सोमवार को रजौली प्रखंड के महसई गांव निवासी अरुण सिंह की बीमार पत्नी राधा देवी अपने पुत्र रोहित सिंह के साथ इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची थीं. ओपीडी (OPD) में बाकायदा रजिस्ट्रेशन कराने तथा ब्लड प्रेशर (BP) व शुगर की जांच कराने के बाद उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. श्यामनंदन प्रसाद से परामर्श लिया. डॉ. श्यामनंदन ने मरीज की तकलीफ सुनने के बाद पर्ची पर जरूरी दवाइयां लिख दीं.

इसके बाद जब मरीज का बेटा दवा काउंटर पर गया, तो वहां तैनात फार्मासिस्ट ने पर्ची पर लिखी मुख्य दवा के बदले दो महीने पूर्व ही एक्सपायर्ड हो चुकी ‘डाईएथिल बेमाजीन साइट्रेट सिरप’ (कफ सिरप) हाथ में थमा दी.

शिकायत करने पर फार्मासिस्ट ने डॉक्टर की लिखी दवा का नाम ही काटा, बिना दवा घर लौटे पीड़ित

खांसी और कफ से पीड़ित राधा देवी के बेटे रोहित सिंह ने जब काउंटर पर ही सिरप की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट देखी, तो वह दंग रह गया. सिरप दो महीने पहले ही एक्सपायर हो चुकी थी. रोहित ने जब इसकी शिकायत फार्मासिस्ट से की, तो फार्मासिस्ट अपनी गलती सुधारने के बजाय भड़क गया. उसने एक्सपायर्ड सिरप वापस ले ली और डॉक्टर द्वारा पर्ची पर लिखी मूल दवा ‘ब्रमोहेक्सिन हाइड्रोक्लोराइड’ का नाम ही पेन से काट दिया. फार्मासिस्ट ने दो टूक कह दिया कि यह दवा अस्पताल में उपलब्ध नहीं है. पीड़ित परिजनों का आरोप है कि काउंटर कर्मी ने पहले गलत और एक्सपायर्ड दवा दी और विरोध करने पर बदतमीजी करते हुए बिना कोई दवा दिए उन्हें अस्पताल से भगा दिया.

अस्पताल प्रबंधन ने डांट-फटकार लगाकर रफा-दफा किया मामला, रोगी कल्याण समिति निष्क्रिय

इस गंभीर प्रकरण को लेकर जब अस्पताल के प्रभारी डीएस (डिप्टी सुपरिटेंडेंट) डॉ. दिलीप कुमार से बात की गई, तो उनका जवाब भी खानापूर्ति वाला ही रहा. उन्होंने कहा कि इस मामले में संबंधित फार्मासिस्ट को बुलाकर कड़ी डांट-फटकार लगाई गई है. फार्मासिस्ट ने सफाई दी है कि गलती से वह दवा मरीज के पास चली गई थी.

अब यहां बड़ा प्रशासनिक सवाल यह उठता है कि जब डॉक्टर ने पर्ची पर दूसरी दवा का नाम लिखा था, तो उसके बदले दूसरी दवा क्यों निकाली गई और वह भी एक्सपायर्ड दवा वितरण कक्ष में क्या कर रही थी? क्या अस्पताल में दवाओं के स्टॉक और एक्सपायरी की नियमित जांच नहीं होती? स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि रजौली अस्पताल में मरीजों के साथ होने वाले इस दुर्व्यवहार और अव्यवस्था का मुख्य कारण ‘रोगी कल्याण समिति’ का पूरी तरह निष्क्रिय होना है. फिलहाल, इस घटना से आहत होकर पीड़ित महिला के परिजनों ने सरकारी तंत्र से भरोसा तोड़ लिया है और वे बाजार के एक प्राइवेट प्रैक्टिशनर से मोटी रकम खर्च कर अपनी मां का इलाज कराने को मजबूर हैं.

Also Read: भागलपुर से मुंगेर तक 3 साल में तैयार होगा मरीन ड्राइव, 22 हजार एकड़ में बनेगा नया टाउनशिप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >