Nawada News : नारदीगंज थाना क्षेत्र के इचुआ गांव निवासी मुंद्रिका मांझी की मौत को उत्पाद विभाग की छापेमारी से जोड़कर प्रसारित खबर का मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, नवादा ने सख्त खंडन किया है. विभाग ने स्पष्ट किया कि इस मामले में प्रसारित की जा रही जानकारी तथ्यहीन और भ्रामक है.
ड्रोन निगरानी में चलाया गया था विशेष अभियान
उत्पाद विभाग के अनुसार 31 जुलाई को ड्रोन की निगरानी में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया था. इस दौरान इचुआ गांव के बगीचे से करीब 1,000 लीटर जावा महुआ घोल तथा 215 लीटर चुलाई शराब बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दी गई.
कार्रवाई के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला
विभाग ने बताया कि छापेमारी के समय घटनास्थल पर कोई संदिग्ध व्यक्ति मौजूद नहीं था और न ही किसी को भागते या दौड़ते देखा गया. कुछ दूरी पर बैठे लोगों से पूछताछ की गई, जिन्होंने स्वयं को किसान बताया.
ड्रोन से हुई वीडियो रिकॉर्डिंग, कंट्रोल रूम से हुई निगरानी
उत्पाद विभाग ने बताया कि पूरी कार्रवाई की ड्रोन के माध्यम से वीडियो रिकॉर्डिंग की गई. साथ ही पटना स्थित कंट्रोल रूम से अभियान की लाइव मॉनिटरिंग भी की गई, जिससे कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड में उपलब्ध है.
विभाग ने खबर को बताया तथ्यहीन
उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि मुंद्रिका मांझी की मौत को विभागीय कार्रवाई से जोड़ना पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक है. उन्होंने यह भी कहा कि विभाग का पक्ष लिए बिना इस प्रकार की खबर प्रकाशित करना उचित नहीं है.
