प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद जागा प्रशासन, मोहनबिघा में नाले की सफाई शुरू

Nawada News : पकरीबरावां के मोहनबिघा में नाले की सफाई शुरू हो गई है. प्रभात खबर की रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है.

Nawada News : प्रतिनिधि, पकरीबरावां. प्रखंड मुख्यालय के मोहनबिघा में नाला जाम रहने के कारण मुख्य सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या आखिरकार अधिकारियों की नजर में पहुंच गई. प्रभात खबर में लगातार इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया और नाले की सफाई का काम शुरू करा दिया. नाले की सफाई शुरू होने से सड़क पर जमा गंदे पानी के बीच से गुजरने को मजबूर लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है.

नाला जाम होने से सड़क पर बह रहा था गंदा पानी

नाले की निकासी बाधित होने के कारण गंदा पानी मुख्य सड़क पर फैल गया था. इससे मुख्य मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हो रही थी. सड़क पर पानी जमा रहने से बदबू और गंदगी की स्थिति बनी हुई थी. इसके कारण लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया था.

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह समस्या लंबे समय से बनी हुई थी. नाले की नियमित सफाई नहीं होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी. जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था.

19 अगस्त को प्रकाशित खबर के बाद अधिकारियों ने लिया संज्ञान

लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रभात खबर ने इस समस्या को कई बार प्रमुखता से उठाया. 19 अगस्त को समस्या से संबंधित खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और मौके पर नाले की सफाई शुरू कराई. सफाई कर्मियों द्वारा नाले में जमा गाद और कचरा निकालकर पानी की निकासी सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है.

सफाई शुरू होने से लोगों में जगी राहत की उम्मीद

नाले की सफाई शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों में खुशी है. लोगों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में अब पहल हुई है. हालांकि, लोगों ने प्रशासन से नाले की नियमित सफाई कराने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में दोबारा मुख्य सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो.

लोगों ने प्रभात खबर के प्रति जताया आभार

स्थानीय लोगों ने समस्या को लगातार प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए प्रभात खबर के प्रति भी आभार जताया. लोगों का कहना है कि खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने जिस तरह मामले को गंभीरता से लिया और सफाई का काम शुरू कराया, उससे उन्हें जल्द समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है.

Also Read : नवादा में एनएच-20 को सुरक्षित बनाने की कवायद तेज, 27 करोड़ की योजना से ट्रैफिक मिरर और फुट ओवरब्रिज समेत होंगी कई सुविधाएं


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विश्वनाथ कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >