Nawada News: बिहार सरकार की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद के मंगलवार को नवादा आगमन पर परिसदन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया. भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंत्री का स्वागत किया. इस दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रस्तावित ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक भी हुई.
कार्यक्रम की तैयारियों पर हुई चर्चा
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और सेवा गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की गयी. अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
सेवा और जनभागीदारी की भावना से आगे बढ़ाने पर जोर
मंत्री रमा निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और जनकल्याणकारी कार्यों को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है. अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखते हुए सेवा और जनभागीदारी की भावना के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि पिछड़े, अति पिछड़े, गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है.
कार्यकर्ताओं से समन्वय के साथ जुटने की अपील
जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने कहा कि नवादा में अभियान के सभी कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जायेगा. ‘आंगन का मिलन’ को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की.
ये रहे मौजूद
मौके पर तेजस सिन्हा, मुकेश कुमार, अभिजीत कुमार सिन्हा, गुलशन कुमार, मनीष सिन्हा, अजित शंकर, महिला मोर्चा अध्यक्ष, राहुल सिन्हा और क्रांति निषाद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
