नवादा में वज्रपात का कहर, धान रोपनी कर रहे तीन मजदूरों की मौत, अलग-अलग गांवों में तीन बच्चों ने भी गंवाई जान

Nawada News : नवादा में आकाशीय बिजली गिरने से 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। रजौली में धान रोपनी कर रहे मजदूर और तीन बच्चों की जान गई. प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है.

Nawada News : जिले में लगातार बदल रहे मौसम के बीच वज्रपात ने एक बार फिर कहर बरपाया है. बीते दिनों हुई अलग-अलग घटनाओं में अब तक छह लोगों की मौत से कई गांवों में मातम पसरा हुआ है. इनमें रजौली प्रखंड में धान की रोपनी कर रहे तीन मजदूर और जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के तीन बच्चे शामिल हैं. वहीं, एक बच्ची झुलसकर घायल हो गई. वज्रपात की चपेट में आने से एक गाय और तीन बकरियों की भी मौत की सूचना है.

रजौली में धान की रोपनी कर रहे तीन मजदूरों की मौत

रजौली प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार को तेज बारिश के बीच खेत में धान की रोपनी कर रहे मजदूरों पर अचानक आकाशीय बिजली गिर पड़ी. बताया जाता है कि करीब 12 मजदूरों की टीम सीतामढ़ी जिले से रजौली क्षेत्र में खेती के काम के लिए पहुंची थी. इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया और खेत में काम कर रहे मजदूर वज्रपात की चपेट में आ गए. हादसे में मनी मांझी (60), राजेंद्र मांझी (20) और इंद्रजीत मांझी (18) की मौत हो गई. एक साथ तीन मजदूरों की मौत की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई.

Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा

तीन अलग-अलग गांवों में तीन बच्चों की मौत

इससे पहले सोमवार को भी जिले में वज्रपात ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. रूपौ थाना क्षेत्र के छनौन गांव में 10 वर्षीय प्रिंस कुमार, पिता रघुनंदन रविदास, की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई. बताया गया कि प्रिंस खेत की ओर मवेशी लाने गया था. वहीं, सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में 13 वर्षीय सुनीता कुमारी की वज्रपात से मौत हो गई. उसके साथ मौजूद उसकी बहन शीतल कुमारी भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गई. घायल शीतल का इलाज कराया गया. इसके अलावा मेसकौर थाना क्षेत्र के ढिबरा गांव में 16 वर्षीय नवनीत कुमार की भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया.

इंसानों के साथ मवेशी भी बने वज्रपात के शिकार

वज्रपात की घटनाओं में एक गाय और तीन बकरियों के भी मारे जाने की सूचना है. इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लगातार बारिश, गरज-चमक और बदलते मौसम को देखते हुए ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

मौसम खराब होने के दौरान लोगों से खुले खेत, मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और अन्य खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है. खासकर खेतों में काम करने वाले लोगों से बारिश और गरज-चमक के दौरान सुरक्षित स्थान पर चले जाने को कहा गया है. एक के बाद एक हुई वज्रपात की घटनाओं में छह लोगों की मौत ने पूरे नवादा जिले को झकझोर दिया है. कई परिवारों में अचानक पसरा मातम इस बात की गवाही दे रहा है कि बारिश के साथ आने वाली आसमानी बिजली कितनी जानलेवा साबित हो सकती है.

Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vishal kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >