नवादा में आईटीआई मोड़ के पास ट्रक ने बीएड छात्रा को कुचला, मौके पर मौत; नो-इंट्री के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही

ड्रेस सिलवाने घर से निकली थी अंकिता, रास्ते में छिन गई जिंदगी; दो साल पहले भी इसी जगह हुई थी युवक की मौत

Nawada IIT Mod : नवादा के नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. आईटीआई के पास तेज रफ्तार एफसीआई के अनाज लदे ट्रक ने बाइक सवार 20 वर्षीय बीएड छात्रा को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. मृतका केंदुआ निवासी संजीव कुमार की पुत्री अंकिता कुमारी थी और हाल ही में उसने बीएड में दाखिला लिया था. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

ड्रेस सिलवाने जा रही थी, रास्ते में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार अंकिता कुमारी शुक्रवार को अपनी बाइक बीआर-27जे-0791 से ड्रेस सिलवाने के लिए घर से निकली थी. जैसे ही वह नगर थाना क्षेत्र के आईटीआई मोड़ के पास पहुंची, उसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक बीआर-27जी-0198 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. ट्रक इतना तेज था कि अंकिता को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह सड़क पर गिर गई. इसके बाद ट्रक उसे रौंदते हुए आगे निकल गया.

Road Accident : हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बच सकी जान

लोगों का कहना है कि अंकिता ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि उसकी जान नहीं बच सकी. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उठाने और मदद पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए.

परिजनों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे मौके पर पहुंचे. बेटी का शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. जिस बेटी के उज्ज्वल भविष्य के सपने देखे जा रहे थे, उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.

पुलिस पहुंची मौके पर, ट्रक जब्त

घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमाशंकर सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर पंकज झा, मुफस्सिल थानाध्यक्ष संजीत सिंह और यातायात थानाध्यक्ष विद्या शंकर समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया. पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा

आईटीआई मोड़ पहले भी हादसों के लिए कुख्यात रहा है. वर्ष 2024 में इसी जगह गोनावा निवासी 28 वर्षीय बिट्टू कुमार की भी तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी. उस समय भी लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था और एक ट्रक में आग तक लगा दी गई थी. प्रशासन ने उस समय सड़क सुरक्षा को लेकर कई दावे किए थे, लेकिन हालात में कोई बड़ा सुधार नहीं दिख रहा है.

नो-इंट्री के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही

स्थानीय लोगों का कहना है कि आईटीआई मोड़ अब बेहद खतरनाक बन चुका है. यहां नो-इंट्री के बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही जारी रहती है. साथ ही तेज रफ्तार पर भी कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं है. यही वजह है कि आए दिन यहां हादसे हो रहे हैं.

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस जगह पर स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए. साथ ही स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत और नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए. अब सवाल यह है कि क्या इस हादसे के बाद प्रशासन जागेगा या फिर हर बार की तरह सिर्फ जांच और आश्वासन तक ही बात सीमित रह जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bablu kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >