Nawada News : प्रखंड संसाधन केंद्र पकरीबरावां में शनिवार को प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित की गई. बैठक दो शिफ्ट में हुई. प्रथम शिफ्ट में प्राथमिक विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों तथा द्वितीय शिफ्ट में मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने भाग लिया. बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों से संबंधित ऑनलाइन कार्यों, अभिलेखों के संधारण और विभागीय निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई.
प्रत्येक बच्चे का अपार आईडी बनाने पर जोर
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राहुल रंजन ने सभी बच्चों का अपार आईडी बनाने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का अपार आईडी बनना जरूरी है. जिन बच्चों का आधार कार्ड बनने में परेशानी हो रही है, उनके अभिभावकों से संपर्क कर आधार बनवाने में सहयोग करने का निर्देश दिया गया.
एफआरएस रजिस्ट्रेशन में तेजी लाने का निर्देश
बीईओ ने बच्चों के एफआरएस रजिस्ट्रेशन में भी तेजी लाने को कहा. उन्होंने कहा कि एफआरएस के मामले में पकरीबरावां प्रखंड की स्थिति संतोषजनक नहीं है और प्रखंड इस कार्य में काफी पीछे है. इसलिए सभी प्रधान शिक्षक अपने-अपने विद्यालय में अभियान चलाकर जल्द से जल्द निर्धारित कार्य पूरा करें. उन्होंने चेतावनी दी कि जिस विद्यालय की स्थिति विभागीय मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाएगी, वहां के प्रधान शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा.
प्रशस्त एप पर रजिस्ट्रेशन और वीडियो देखने का निर्देश
बैठक में सभी शिक्षकों को प्रशस्त एप डाउनलोड कर उसमें रजिस्ट्रेशन करने तथा एप पर उपलब्ध सभी वीडियो देखने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत प्रत्येक विद्यालय में अधिक से अधिक पौधे लगाने को कहा गया. बीईओ ने बताया कि पकरीबरावां प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में कुल 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
एनआईओएस डीएलएड और टीईटी शिक्षकों की मांगी सूची
बैठक के दौरान एनआईओएस से डीएलएड करने वाले कार्यरत शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया. वहीं, टीईटी नहीं करने वाले शिक्षकों की सूची भी मांगी गई. प्रखंड क्षेत्र में संचालित बिना प्रस्वीकृति वाले निजी विद्यालयों की जानकारी भी शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
पाठ-टीका तैयार कर कक्षा में जाने का निर्देश
बीईओ ने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए सभी शिक्षकों को पाठ-टीका का नियमित रूप से संधारण करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षक पाठ-टीका तैयार कर ही कक्षा में जाएंगे. प्रत्येक शिक्षक के लिए पाठ-टीका तैयार करना अनिवार्य है. इसके माध्यम से कक्षा में शिक्षण कार्य को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया.
सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश
विद्यालयों में अभिलेखों के रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया गया. निपुण पंजी, बाल पंजी, भंडार पंजी, रोकड़ पंजी सहित अन्य सभी पंजियों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया. बीईओ ने कहा कि विद्यालयों में सभी जरूरी अभिलेख व्यवस्थित एवं अपडेट रहने चाहिए, ताकि विभागीय निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की कमी नहीं मिले.
शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने पर जोर
बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रधान शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने कहा कि सभी प्रधान अपने-अपने विद्यालयों में विभागीय निर्देशों का समय पर अनुपालन सुनिश्चित करें. मौके पर सुबोध कुमार, प्रभात कुमार प्रभाकर, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. गुलाम दस्तगीर खान, राजकुमार, राजेश कुमार पासवान, नवीन कुमार, संतोष कुमार, गणेश चौहान, मिलन कुमार, किरण कुमारी, फरहत जहां सहित कई अन्य प्रधान शिक्षक एवं प्रधानाध्यापक मौजूद थे.
