Nawada News: नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध बालू खनन के खेल का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मौके से बालू का अवैध उत्खनन कर रहे एक ट्रैक्टर और एक जेसीबी (JCB) मशीन को जब्त किया है. वहीं, अवैध खनन और भंडारण के आरोप में कुल 13 लाख 56 हजार 115 रुपये का भारी जुर्माना भी लगाया गया है.
गुप्त सूचना पर पुलिस की दबिश, अंधेरे का फायदा उठाकर भागे धंधेबाज
थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस और खनन विभाग को सूचना मिली थी कि वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कोंचगांव के दक्षिण की ओर कुछ ट्रैक्टरों के जरिए अवैध रूप से बालू का खनन किया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चिन्हित स्थल पर अचानक दबिश दी. पुलिस को देखते ही बालू धंधेबाज और अन्य ट्रैक्टर चालक अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने मौके से एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया.
ट्रैक्टर और जेसीबी मालिक व चालक पर प्राथमिकी दर्ज
मामले को लेकर खान निरीक्षक अंजनी कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर वारिसलीगंज थाने में जब्त जेसीबी और ट्रैक्टर के चालकों व मालिकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस फरार धंधेबाजों और गाड़ियों के मालिकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है.
खनन विभाग ने लगाया 13.56 लाख रुपये का जुर्माना
अवैध बालू खनन पर नकेल कसते हुए विभाग की ओर से सख्त रुख अपनाया गया है. जब की गई जेसीबी मशीन पर 10 लाख रुपये, ट्रैक्टर पर 1 लाख 1 हजार 415 रुपये और अवैध उत्खनन के मद में 2 लाख 54 हजार 700 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध बालू खनन और परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
