Nawada News : हिसुआ बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारु और जाम मुक्त रखने के लिए जिला परिवहन विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाया. जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान मुख्य बाजार और चौक पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों और बस मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 22 हजार रुपये शमन शुल्क वसूल किया गया.
सड़क पर वाहन रोककर सवारी बैठाने पर कार्रवाई
परिवहन टीम ने हिसुआ मुख्य बाजार और चौक पर यत्र-तत्र वाहन खड़ा कर यात्रियों को बैठाने, अनियमित परिचालन, अवैध पार्किंग और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की. अधिकारियों ने बस मालिकों और वाहन स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वाहनों का परिचालन नवनिर्मित बस स्टैंड से ही किया जाए.
पुराने बस स्टैंड पर वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत
अधिकारियों ने चौक के समीप स्थित पुराने बस स्टैंड पर वाहन खड़ा नहीं करने की भी हिदायत दी. उन्होंने कहा कि सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमों का पालन करना जरूरी है.
एनएच को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराने का अभियान
इधर, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में नवादा जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान भी जारी है. जिला प्रशासन के सहयोग से एनएचएआई की ओर से चलाए जा रहे अभियान के दौरान नहरपर, अमीपुर और ओढ़नपुर में सड़क किनारे किए गए स्थायी अतिक्रमण और संरचनाओं को हटाया गया.
सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था पर जोर
जिला प्रशासन ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग को अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. इसका उद्देश्य आम लोगों के लिए सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है. परिवहन विभाग की ओर से भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे जारी रखने की बात कही गई है.
Also Read : कांवर झील के संरक्षण और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, जैव विविधता प्रबंधन समितियों की बैठक
